नयी दिल्ली , सितंबर 14 -- दिल्ली सरकार ने नागरिकों और देश-विदेश से यहां आने वाले पर्यटकों को बेहतर सार्वजनिक सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से राजधानी के विभिन्न क्षेत्रों में पहले चरण में 500 आधुनिक सार्वजनिक शौचालय ब्लॉक बनाने का निर्णय लिया है।

मुख्यमंत्री कार्यालय की ओर से आज बताया गया है कि इस परियोजना के लिए व्यय वित्त समिति (ईएफसी) ने 266.26 करोड़ रुपये स्वीकृत किये हैं। इनका निर्माण दिल्ली सरकार के पर्यटन विभाग के माध्यम से किया जायेगा। पहले चरण के सफलतापूर्वक पूरा होने के बाद दूसरे चरण में शेष 500 सार्वजनिक शौचालय ब्लॉक बनाये जायेंगे।

परियोजना के तहत दिल्ली के प्रमुख पर्यटन स्थलों, विरासत क्षेत्रों, बाजारों, प्रमुख मार्गों और पर्यटकों की आवाजाही वाले क्षेत्रों में आधुनिक सार्वजनिक सुविधाओं का विकास किया जायेगा। दिल्ली पर्यटन एवं परिवहन विकास निगम (डीटीडीसी) की परियोजना में महत्वपूर्ण भूमिका होगी। प्रस्तावित शौचालय ब्लॉकों में पुरुषों और महिलाओं के लिए अलग-अलग शौचालयों के साथ दिव्यांगजनों सहित सभी लोगों के सुगम उपयोग के लिए रैंप की व्यवस्था होगी। प्रत्येक ब्लॉक में केयरटेकर रूम और चौकीदार के लिए स्थान भी उपलब्ध होगा।

पर्यटकों की दैनिक जरूरतों को पूरा करने के लिए प्रत्येक ब्लॉक में एक दुकान का प्रावधान किया गया है, जहां स्नैक्स, पेय पदार्थ और दैनिक उपयोग की वस्तुएं उपलब्ध होंगी। शौचालयों में सोलर पैनल, सीसीटीवी और मैकेनिकल वेंटिलेशन सिस्टम जैसी आधुनिक सुविधाएं भी होंगी। सूचना उपलब्ध कराने के लिए आउटडोर-टाइप वीडियो वॉल डिस्प्ले बोर्ड लगाये जायेंगे। परियोजना में भवन निर्माण के साथ बागवानी और फर्नीचर संबंधी कार्य भी शामिल हैं।

योजना के तहत 200 टॉयलेट ब्लॉक मार्केट क्षेत्रों में, 97 हाईवे पर, 57 कमर्शियल एवं इंडस्ट्रियल इलाकों में, 50 पर्यटन स्थलों के आसपास और नौ बड़े पार्कों आदि के पास बनाये जायेंगे। क्षेत्रवार इनमें दक्षिण-पश्चिम दिल्ली में 93, उत्तर-पश्चिम में 90, पश्चिमी दिल्ली में 72, दक्षिण दिल्ली में 51, दक्षिण-पूर्वी दिल्ली में 49, नयी दिल्ली में 40 और मध्य दिल्ली में 39 शौचालय ब्लॉक शामिल हैं। निर्माण कार्य को 14 महीने में पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित