नयी दिल्ली , जून 22 -- दिल्लीवालों को गर्मी से राहत के लिए अभी थोड़ा और इंतजार करना होगा वहीं मानसून आने में हो रही देरी के कारण राष्ट्रीय राजधानी में पूरा हफ्ता उमस और गर्मी पड़ने के आसार हैं।
मौसम विभाग के अनुसार, अगले सात दिनों तक मौसम का मिजाज ऐसा ही रहेगा और अधिकतम तापमान 41 डिग्री सेल्सियस तक जा सकता है। अगले दो दिनों में रात और सुबह के समय थोड़ी राहत मिल सकती है, जिससे न्यूनतम तापमान 24 से 26 डिग्री सेल्सियस के बीच रहेगा। लेकिन शनिवार-रविवार आते-आते यह फिर से बढ़कर 30 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच जायेगा। दिल्ली के सफदरजंग मौसम केंद्र में सोमवार को अधिकतम तापमान 38.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो इस मौसम के हिसाब से सामान्य है।
दिल्ली में आज दिनभर तेज हवाएं चलीं। पालम इलाके में हवा के झोंकों की रफ्तार 43 किलोमीटर प्रति घंटा और सफदरजंग में 37 किलोमीटर प्रति घंटा तक दर्ज की गयी। मौसम विभाग का अनुमान है कि मंगलवार को भी दिल्ली में 20 से 30 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलती रहेंगी।
गर्मी के बीच दिल्लीवालों के लिए एक और परेशान करने वाली बात यह रही कि यहां की हवा अचानक काफी दूषित हो गई है और प्रदूषण का स्तर 'खराब' श्रेणी में पहुंच गया है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के अनुसार, दिल्ली का वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) रविवार को जहां 127 था, वहीं सोमवार को यह तेजी से बढ़कर 228 पर पहुंच गया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित