नयी दिल्ली , अगस्त 14 -- दिल्ली पुलिस ने नशीले पदार्थों के तस्कर सिंडिकेट का भंडाफोड़करते हुए 106.25 किलोग्राम उच्च गुणवत्ता वाली चरस जब्त की है।

अंतरराष्ट्रीय बाजार में इसकी कीमत लगभग 109 करोड़ रुपये आंकी गयी है। अधिकारियों ने शुक्रवार को बताया कि इस सिलसिले में चार नेपाली नागरिकों को गिरफ्तार किया गया है।

पुलिस के अनुसार, यह बड़ी कामयाबी पिछले छह हफ्तों के दौरान खुफिया जानकारियों के आधारपर चलाये गये दो अलग-अलग अभियानों के बाद मिली है। पहला ऑपरेशन 29 जून को चलाया गया था, जिसमें कोटला मुबारकपुर इलाके से तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके पास से 8.598 किलोग्राम चरस बरामद की गयी थी। जांच के दौरान पुलिस को इस नशीले पदार्थ की आपूर्ति शृंखला का पता चला, जो वजीराबाद में एक गोदाम/ स्टोरेज फैसिलिटी चला रहे एक अन्य संदिग्ध से जुड़ी थी।खुफिया जानकारी पर कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने गत बुधवार को वजीराबाद स्थित ठिकाने पर छापेमारी की। इस दौरान 13 प्लास्टिक बैग में पैक की गयी 97.652 किलोग्राम चरस, एक मिक्सिंग मशीन और पैकिंग सामग्री बरामद की गयी। वहीं से चौथी आरोपी 32 वर्षीय नेपाली महिला को भी गिरफ्तार किया गया।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि यह गिरोह भारत-नेपाल सीमा पर स्थित सोनौली के पास अपने संपर्कों से चरस मंगवाता था। इसके बाद इसे सड़क मार्ग से दिल्ली लाकर रखा जाता था और पूरे राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र में आपूर्ति किया जाता था। जांचकर्ताओं के अनुसार, ऑर्डर के लिए सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म का इस्तेमाल होता था। भुगतान नकद और डिजिटल माध्यमों से लिया जाता था, जबकि डिलीवरी ऑटो-रिक्शा और बाइक टैक्सी के जरिए की जाती थी।

जांच में नेपाल स्थित दो अन्य संदिग्धों की पहचान सप्लायर के रूप में हुई है। पुलिस अब वित्तीय लेन-देन, स्थानीय वितरकों और इस नेटवर्क के अन्य सदस्यों का सुराग लगाने में जुटी हुई है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित