नयी दिल्ली , अप्रैल 27 -- दिल्ली प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष देवेंद्र यादव ने राजधानी में नकली दवाइयों के बढ़ते कारोबार को लेकर केंद्र और दिल्ली सरकार पर गंभीर आरोप लगाए हैं।
श्री यादव ने अपने बयान में कहा कि दिल्ली देशभर में नकली दवाओं का प्रमुख थोक और री-डिस्ट्रीब्यूशन केंद्र बन चुकी है, जहां असली दवाओं की पैकेजिंग में नकली दवाइयों की आपूर्ति की जा रही है। यह नेटवर्क हाईटेक मशीनों और डिजिटल टूल्स का इस्तेमाल कर रहा है, जिसमें एक्सपायरी दवाओं को री-पैक करना, नकली ब्रांडिंग और फर्जी बारकोड तैयार करना शामिल है। ये दवाइयां कैंसर, डायबिटीज, एंटीबायोटिक्स और अन्य गंभीर बीमारियों के मरीजों तक ऑनलाइन और ऑफलाइन चैनलों के जरिए पहुंच रही हैं।
उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार की नाक के नीचे यह संगठित नेटवर्क फल-फूल रहा है और इसमें अधिकारियों की मिलीभगत का भी संदेह है। हाल ही में पुलिस द्वारा 2 करोड़ रुपये की नकली दवाइयों की जब्ती और 50 करोड़ के फर्जी जीएसटी नेटवर्क का खुलासा इसका उदाहरण है।
श्री यादव ने सरकार से इस ऑनलाइन दवा आपूर्ति करने वाली कंपनियों पर सख्त कार्रवाई करने और इस खतरनाक कारोबार पर तत्काल रोक लगाने की मांग की ।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित