नयी दिल्ली , मार्च 12 -- दिल्ली पुलिस ने देश में कथित तौर पर गैर-कानूनी तरीके से रह रहे बंगलादेश के दो नागरिकों को गिरफ्तार किया है।

पुलिस के विशेष प्रकोष्ठ ने गुरुवार को बताया कि आरोपियों को जहांगीरपुरी मेट्रो स्टेशन के पास से पकड़ा गया। इनकी पहचान दीप्तू कुमार पाल और रमा बेगम के रूप में हुई है। वे बिना वैध दस्तावेजों के भारत में रह रहे थे। पुलिस ने उनके पास से दो स्मार्टफोन और छह बांग्लादेशी पहचान पत्र बरामद किए हैं।

अधिकारियों ने बताया कि दोनों आरोपी पहले भी गैर-कानूनी तरीके से भारत में आए थे और उन्हें पहले उत्तराखंड से वापस भेजा गया गया था। हालांकि, वे देश में फिर से घुसने में कामयाब रहे और फिर से गैर-कानूनी कामों में शामिल हो गए।

पुलिस ने बताया कि दोनों कथित तौर पर अवैध गतिविधियों का हिस्सा थे और लोगों को भारत में गैर-कानूनी तरीके से रहने में मदद कर रहे थे।

दोनों के खिलाफ विदेशी क्षेत्रीय पंजीकरण कार्यालय के नियमों के तहत कार्रवाई की जा रही है, और उन्हें जल्द ही वापस भेजा जाएगा।

उन्होंने बताया कि जांच के दौरान यह भी पता चला कि एक स्मार्टफोन में प्रतिबंधित आईएमओ एप्लीकेशन लगा हुआ था, जिसका इस्तेमाल आरोपी कथित तौर पर अपने गैर-कानूनी कामों के लिए करते थे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित