नयी दिल्ली , अप्रैल 02 -- सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्रालय ने कहा है कि राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में ट्रैफिक की समस्या से निपटने के लिए मंत्रालय ने तीन महत्वपूर्ण मार्गों पर काम शुरू किया है जिन्हें सिग्नल फ्री बनाया जाएगा ताकि कम समय पर यात्री गंतव्य तक पहुंच सके।

सड़क परिवहन एवम राजमार्ग राज्य मंत्री हर्ष मल्होत्रा ने लोकसभा में एक पूरक प्रश्न की जवाब में गुरुवार को कहा कि दिल्ली में तीन मुख्य राष्ट्रीय राजमार्ग पर काम शुरु किया जा रहा है। इनमें आश्रम-बदरपुर को सबसे पहले लिया गया है और इस मार्ग पर तीन बड़े फ्लाई ओवर बनाए जा रहे हैं।

उन्होंने कहा कि इसी तरह से महरौली-गुड़गांव के लिए भी एक घंटे के रास्ते को 15 मिनट का बनाया जा रहा है। इस पर फ्लाइवोर बनाये जा रहे और ये सभी फ्लाईओवर सिग्नल फ्री होंगे और महज 15 मिनट में लोग अपने गंतव्य तक पहुंच सकेंगे।

केंद्रीय मंत्री ने कहा कि इसी तरह से अत्यंत भीड़भाड़ वाले पंजाबी बाग से टिपरी बॉर्डर तक के लिए पूरे मार्ग को ठीक करने की डीपीआर पर काम चल रहा है और वह डेढ़ घंटे के रास्ते को सिग्नल फ्री करके तैयार करने पर विचार किया जा रहा है। उनका कहना था कि इस मार्ग पर कुछ फ्लाईओवर बनाकर पूरे मार्ग को आधा घंटे का बनाया जाएगा।

उन्होंने कहा कि इसके अलावा गुड़गांव से दिल्ली आते समय शिव मूर्ति, जो एयरपोर्ट के पास है, उसमें ज्यादा जाम रहता है और इससे होने वाली तकलीफ से लोगों को बचाने के लिए टनल का निर्माण किया जाएगा। यह टनल करीब साढ़े पांच किलोमीटर लम्बी होगी। इसमें महत्वपूर्ण बात यह है कि दिल्ली-देहरादून राष्ट्रीय राजमार्ग का लोकार्पण बहुत जल्दी किया जा रहा है और मुंबई एक्सप्रेस-वे के जरिये भी दिल्ली में ट्रैफिक जाम काम करने का प्रयास किया जा रहा है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित