अगरतला , अक्टूबर 21 -- दिल्ली में त्रिपुरा के एक मूल निवासी (जनजातीय) युवक से एक सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर के नस्लीय दुर्व्यवहार की घटना सामने आने के बाद त्रिपुरा में तनाव व्याप्त हो गया है।
यह बवाल तब शुरू हुआ, जब सोशल प्लेटफॉर्म पर एक वीडियो सामने आया, जिसमें आमिर शौकीन नाम का एक कंटेंट क्रिएटर त्रिपुरा के जनजातीय युवक पर नस्लीय टिप्पणियां, आपत्तिजनक भाषा और अनुचित शारीरिक संपर्क करता दिख रहा है। यह वीडियो मंगलवार शाम को व्यापक रूप से चर्चा में आया।
इस स्थिति पर गहरा असंतोष व्यक्त करते हुए नेता प्रतिपक्ष और माकपा के राज्य सचिव जितेंद्र चौधरी ने कहा, "आमिर शौकीन, तुम्हें घुटने टेककर त्रिपुरा की जनता और टिपरासा समुदाय से तुरंत माफी मांगनी चाहिए, क्योंकि यह मामला अत्यंत महत्वपूर्ण है और कोई मामूली विषय नहीं है।"उन्होंने दिल्ली पुलिस से शौकीन के खिलाफ त्वरित और निर्णायक कार्रवाई करने का आह्वान करते हुए कहा, "उसके खिलाफ कानून के तहत सख्त से सख्त कार्रवाई की जाए और एक मजबूत व स्पष्ट नजीर पेश की जाए, ताकि आगे से कोई भी त्रिपुरा और टिपरासा समुदाय को नीचा दिखाने का साहस न करे। उसके शब्द और कृत्य किसी भी तरह क्षमा योग्य नहीं हैं और इसके गंभीर परिणाम होंगे।"वरिष्ठ कांग्रेस विधायक सुदीप रॉय बर्मन ने कहा, "हम साथी भारतीयों के रूप में अपनी पहचान का सम्मान करते हैं और उसे महत्व देते हैं, लेकिन वे हमारे युवाओं के साथ ऐसा अनादरपूर्ण व्यवहार कैसे कर सकते हैं? ऐसा व्यवहार अस्वीकार्य है और इसका विरोध किया जाना चाहिए। पूर्वोत्तर क्षेत्र के प्रति इस पुरानी और पूर्वाग्रह से ग्रसित मानसिकता को चुनौती देने के लिए हमें एकजुट होकर दिल्ली में एक बड़ा विरोध प्रदर्शन आयोजित करना चाहिए।"उन्होंने सभी वर्गों की आवाजों को राजनीतिक मतभेदों से ऊपर उठकर ऐसी मानसिकता के खिलाफ एकजुट होने और सरकार को शौकीन के खिलाफ उचित कानूनी कार्रवाई करने के लिए बाध्य करने की आवश्यकता पर जोर दिया।
श्री बर्मन ने कहा, "हमें प्रधानमंत्री से भी आग्रह करना चाहिए कि वे पूर्वोत्तर और वहां के लोगों के प्रति जागरूकता बढ़ाने, समावेशिता को बढ़ावा देने और सम्मान विकसित करने के लिए पीएमओ के तहत सीधे तौर पर 'पूर्वोत्तर संवेदीकरण कार्यक्रम' शुरू कर निर्णायक कदम उठाएं, क्योंकि बदलाव सामूहिक प्रयासों से शुरू होता है और अब अपना रुख स्पष्ट करने का समय आ गया है।"इस बीच, त्रिपुरा राजपरिवार के वंशज और सत्तारूढ़ भाजपा प्रशासन के समर्थक प्रद्योत किशोर देबबर्मा ने अपनी पार्टी के युवा एवं छात्र संगठनों से आमिर शौकीन के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने और यह सुनिश्चित करने का आग्रह किया कि त्रिपुरा पुलिस उसे गिरफ्तार करने के लिए दिल्ली जाए।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित