लखनऊ , जुलाई 20 -- उत्तर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय ने दिल्ली में पेपर लीक के विरोध में शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे छात्रों और युवाओं पर हुए कथित लाठीचार्ज की कड़ी निंदा की है।

श्री राय ने सोमवार को जारी बयान में कहा कि पेपर लीक के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे देश के भविष्य, यानी छात्रों और युवाओं पर बर्बरतापूर्वक लाठीचार्ज किया जाना बेहद शर्मनाक और दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने आरोप लगाया कि भारतीय जनता पार्टी की सरकार युवाओं को रोजगार देने में विफल रही है और अब उनके अधिकारों तथा आवाज़ को बल प्रयोग के जरिए दबाने का प्रयास कर रही है।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि युवाओं के साथ अन्याय बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और कांग्रेस उनके अधिकारों की लड़ाई मजबूती से लड़ती रहेगी। उन्होंने कहा कि पार्टी छात्रों और युवाओं को न्याय दिलाने के लिए हर स्तर पर संघर्ष करेगी। उन्होने केंद्र सरकार से छात्रों की मांगों पर संवेदनशीलता के साथ विचार करने और उनके साथ हुए दुर्व्यवहार की जवाबदेही तय करने की मांग भी की।

गौरतलब है कि कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) के बैनर तले दिल्ली में संसद मार्च का आवाहन किया गया है। आरोप है कि प्रदर्शनकारियों को तितर बितर करने के लिए पुलिस ने लाठीचार्ज कर दिया जिसकी वजह से कई लोगों को चोटें आई हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित