नयी दिल्ली , जनवरी 12 -- राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली और आसपास के क्षेत्राें में कड़ाके की ठंड़ जारी है और कोहरे के कारण कईं विमान उड़ानें बाधित रही ।राजधानी की हवा की गुणवत्ता सोमवार सुबह भी "खराब" श्रेणी में बनी रही और वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 298 रहा।

रविवार को यह 291 था लेकिन शहर के कुछ हिस्सों में सूचकांक "बहुत खराब" श्रेणी में चला गया, जिसमें पूसा में सबसे ज़्यादा 343 दर्ज किया गया।

रविवार रात को शीतलहर का प्रकोप बढ़ने से शहर के बड़े हिस्से में कड़ाके की ठंड रही जिससे न्यूनतम तापमान तीन डिग्री के करीब पहुंच गया। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के अनुसार, आयानगर राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र में सबसे ठंडा स्थान रहा, जहां पारा 2.9 डिग्री सेल्सियस तक गिर गया। पालम में तापमान 3.0 डिग्री सेल्सियस तक गिर गया, जो हाल के वर्षों में सबसे कम तापमान में से एक है।

सफदरजंग में रविवार रात को न्यूनतम तापमान 4.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, लेकिन मौसम विभाग को उम्मीद है कि आज रात यह और गिरकर लगभग तीन डिग्री सेल्सियस हो जाएगा।इस बीच, रिज वेधशाला में न्यूनतम तापमान 3.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। शहर के कई हिस्सों में घना से हल्का कोहरा छाया रहा, जिससे विजिबिलिटी कम हो गई और प्रमुख परिवहन मार्गों पर आवाजाही बाधित हुई।

मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि कोहरे की स्थिति प्रभावित मौसम उप-मंडलों के हवाई अड्डों, राजमार्गों और रेलवे मार्गों को प्रभावित कर सकती है, जिसके परिणामस्वरूप ड्राइविंग मुश्किल हो सकती है, यात्रा का समय बढ़ सकता है और सड़क दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ सकता है। मौसम विभाग ने यह भी चेतावनी दी कि बहुत घने कोहरे से कुछ इलाकों में बिजली की लाइनें ट्रिप हो सकती हैं। इसके अलावा, मौजूदा स्थिति अस्थमा और ब्रोंकाइटिस जैसी सांस की बीमारियों को बढ़ा सकती है और आंखों में जलन पैदा कर सकती है। इसे देखते हुए विभाग ने जनता के लिए सुरक्षा और स्वास्थ्य सलाह जारी की है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित