वाराणसी , अक्टूबर 27 -- कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय महासचिव एवं राजस्थान सरकार के पूर्व मंत्री रघु शर्मा ने मंगलवार को कहा कि एक नवंबर को दिल्ली के रामलीला मैदान में आयोजित 'वोट चोर, गद्दी छोड़' महारैली में वाराणसी से बड़ी संख्या में पार्टीजन शामिल होंगे।
वाराणसी में महारैली के पर्यवेक्षक शर्मा ने पराड़कर स्मृति भवन में पत्रकारों से बातचीत में मतदाता सूची में कथित अनियमितताओं और चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि 'वोट बचाओ, देश बचाओ' अभियान के तहत कांग्रेस लोकतंत्र, संविधान और मताधिकार की रक्षा के लिए जनजागरण कर रही है।
उन्होंने महाराष्ट्र सहित विभिन्न राज्यों में मतदाताओं की संख्या में कथित अचानक वृद्धि का उल्लेख करते हुए इसकी पारदर्शी जांच की मांग की। शर्मा ने कहा कि निष्पक्ष चुनाव और पारदर्शी मतदाता सूची लोकतंत्र की मजबूती के लिए आवश्यक हैं। चुनाव आयोग की स्वतंत्रता और विश्वसनीयता बनाए रखने के लिए उठ रहे सवालों का उचित जवाब मिलना चाहिए। उन्होंने मुख्य चुनाव आयुक्त की नियुक्ति प्रक्रिया में बदलाव, वर्ष 2023 के कानून और चुनाव आयुक्तों को मिले कानूनी संरक्षण पर भी सवाल उठाए।
शर्मा ने कांग्रेस नेताओं, पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से एक नवंबर की महारैली को सफल बनाने तथा मतदाता अधिकारों से जुड़े मुद्दों को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित