रायपुर , अक्टूबर 28 -- दिल्ली के रामलीला मैदान में एक नवंबर को प्रस्तावित कांग्रेस की महारैली में छत्तीसगढ़ से बड़ी संख्या में नेताओं और कार्यकर्ताओं को शामिल कराने के लिए प्रदेश कांग्रेस ने अपनी यात्रा व्यवस्था में बदलाव किया है। रेलवे से विशेष ट्रेन उपलब्ध नहीं होने के बाद पार्टी ने अब बसों के माध्यम से कार्यकर्ताओं को दिल्ली पहुंचाने की तैयारी की है।

कांग्रेस नेताओं से बुधवार को प्राप्त जानकारी के अनुसार, कांग्रेस ने कार्यकर्ताओं के आवागमन के लिए 30 से ज्यादा लग्जरी बसों की बुकिंग की है। पार्टी ने छत्तीसगढ़ से करीब पांच हजार से अधिक नेताओं और कार्यकर्ताओं को महारैली में शामिल कराने का लक्ष्य निर्धारित किया है। इनमें विधायक, पूर्व विधायक, जिला अध्यक्षों के साथ ब्लॉक स्तर के पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल होंगे।

बताया गया है कि प्रदेश कांग्रेस ने पहले दिल्ली में आयोजित महारैली के लिए रेलवे से स्पेशल ट्रेन उपलब्ध कराने का अनुरोध किया था। हालांकि, रेलवे की ओर से ट्रेन देने से इनकार किए जाने के बाद पार्टी को अपनी पूर्व निर्धारित योजना में परिवर्तन करना पड़ा। इसके बाद कार्यकर्ताओं को दिल्ली ले जाने के लिए बसों की व्यवस्था करने का निर्णय लिया गया।

दिल्ली के रामलीला मैदान में एक नवंबर को प्रस्तावित इस आयोजन को 'वोट बचाओ, देश बचाओ जन मार्च और महारैली' नाम दिया गया है। कांग्रेस की 'वोट चोर, गद्दी छोड़' मुहिम के तहत आयोजित होने वाली इस महारैली में इंडिया गठबंधन के घटक दलों की भागीदारी भी प्रस्तावित है। विपक्षी दल मतदाता सूची और चुनाव प्रक्रिया से जुड़े मुद्दों को लेकर विभिन्न स्थानों पर विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं।

लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने छात्रों, किसानों, मजदूरों, महिलाओं, युवाओं और व्यापारियों से महारैली में शामिल होने की अपील की है। उन्होंने लोकतंत्र की रक्षा के लिए लोगों से आगे आने का आह्वान किया है।

इस बीच दिल्ली के छोटे-बड़े व्यापारियों की ओर से महारैली की निर्धारित तारीख में बदलाव करने की मांग भी सामने आई है। व्यापारियों ने श्री गांधी से आयोजन की तारीख पर पुनर्विचार करने का आग्रह किया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित