नयी दिल्ली , जुलाई 10 -- आम आदमी पार्टी से अलग होकर गत वर्ष 17 मई को श्री मुकेश गोयल के नेतृत्व में गठित हुई इन्द्रप्रस्थ विकास पार्टी का शुक्रवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) में विलय हो गया।

श्री गोयल ने गुरुवार को दिल्ली भाजपा के अध्यक्ष हर्ष मल्होत्रा और मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के समक्ष 16 निगम पार्षदों वाली इन्द्रप्रस्थ विकास पार्टी का भाजपा में विलय करने का प्रस्ताव रखा था। दिल्ली भाजपा के कार्यालय में आयोजित समारोह में आज श्री मल्होत्रा और श्रीमती गुप्ता की मौजूदगी में आईवीपी के सभी 16 पार्षद भाजपा में शामिल हो गये।

इस मौके पर दिल्ली के महापौर प्रवेश वाही, दिल्ली नगर निगम में नेता सदन जयभगवान यादव, दिल्ली भाजपा के महामंत्री विष्णु मित्तल सहित कई अन्य नेता मौजूद रहे।

श्री मल्होत्रा ने कहा कि आईवीपी के भाजपा में शामिल होने से 16 निगम वार्डों के लगभग 11 से 12 लाख दिल्लीवासी भाजपा सरकार के चौमुखी विकास से सीधा जुड़ेंगे। उन्होंने कहा कि श्री गोयल के नेतृत्व में आम आदमी पार्टी के 16 नगर निगम पार्षदों ने एक अलग नयी पार्टी इन्द्रप्रस्थ विकास पार्टी का गठन किया था। इन सभी 16 पार्षदों और इनके साथ जुड़े राजनीतिक कार्यकर्ताओं को जब ऐसा लगा कि वह अलग पार्टी बना कर अपने निगम वार्डों को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मार्गदर्शन में श्रीमती गुप्ता के नेतृत्व में हो रहे चौमुखी विकास का पूरा लाभ नहीं दिलवा पा रहे हैं, तो उन्होंने आईवीपी का भाजपा में विलय करने का निर्णय लिया।

दिल्ली भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि दिल्ली के इतिहास में पहली बार हुआ है जब कोई भी निगम पार्षद चाहे किसी भी पार्टी का हो रेखा गुप्ता सरकार ने उसे एक करोड़ रुपये की राशि दी। आज उसी का नतीजा है कि दिल्ली ने बड़े खुशहाल तरीके से इस बार के मानसून का स्वागत किया है। बारिश लगातार होने के बावजूद ना कही पानी का जमाव देखने को मिला और ना ही कही यातायात बाधित हुआ। भाजपा सरकार ने दिखाया कि दिल्ली में बेहतर काम किए जा सकते हैं और जो सरकारें पिछली 27 सालों से बहाने बनाती रही, उसको भी यह एक करारा जवाब है।

वहीं, श्रीमती गुप्ता ने इन्द्रप्रस्थ विकास पार्टी के सदस्यों और पार्षदों का भाजपा में शामिल होने का निर्णय का स्वागत करते हुए कहा कि अब इन पार्षदों के लोगों को दिल्ली की ट्रिपल इंजन सरकार के विकास का पूरा लाभ मिलेगा। उन्होंने कहा, "आज जो पार्षद भाजपा सम्मिलित हुए हैं, उनमे से कुछ के साथ मैंने कभी पक्ष तो कभी विपक्ष में रह कर कार्य किया है और मैं उनकी कार्य क्षमताओं को भलीभांति जानती हूं और मैं सभी पार्षदों एवं उनके साथ भाजपा में आये सभी कार्यकर्ताओं को आश्वस्त करती हूं की भाजपा परिवार में उनको पूरा सम्मान मिलेगा तथा कार्य करने का पूरा अवसर मिलेगा।"श्रीमती गुप्ता ने कहा, "कुछ दिन पहले हमने श्री मोदी के नेतृत्व को स्वीकारते हुए बंगाल में एक लगभग पूरी पार्टी को भाजपा से जुड़ते देखा और आज प्रधानमंत्री पर विश्वास रखते हुए दिल्ली में इन्द्रप्रस्थ विकास पार्टी का विलय भाजपा में हुआ है।"इस अवसर पर श्री गोयल ने कहा, " दिल्ली में नगर निगम में 2023 में जब आम आदमी पार्टी की सरकार बनी तो मुझे नेता सदन बनाया गया था लेकिन वह कार्यकाल हम लोगों के लिए काला दिन की तरह था क्योंकि कोई भी विकास का काम नहीं हुआ। केवल बयानबाजी होती थी।" उन्होंने कहा कि सड़क और जमीन पर कोई काम नहीं हुआ, किसी एक पार्षद को निगम पार्षद का वार्षिक बजट नहीं मिला लेकिन जब रेखा गुप्ता सरकार बनी तो धीरे धीरे आम आदमी पार्टी में भी खलबली मची। काफी लोग पहले निकल कर सीधे भाजपा में शामिल हो गए। जब हमने 16 निगम पार्षदों के साथ एक अलग टीम बनाई तो भाजपा का सहयोग हमेशा मिला और इसीलिए आज यह कदम उठाया है और सर्वसम्मति से बिना शर्त भाजपा में शामिल हो रहे हैं।

आज आईवीपी के जो पार्षद भाजपा में शामिल हुए वार्ड 15 से श्री मुकेश गोयल, वार्ड 181 से श्री हेमचंद गोयल, वार्ड 196 से श्री देवेन्द्र कुमार, वार्ड 72 से श्रीमती उषा शर्मा, वार्ड 2 से श्री दिनेश कुमार, वार्ड 22 से श्रीमती सुमन अनिल राणा, वार्ड 33 से सुश्री मनीषा जसवीर कराला, वार्ड 43 से सुश्री बाबी जी, वार्ड 88 से सुश्री रूनाकक्षी शर्मा, वार्ड 99 से श्री राजेश लाडी, वार्ड 107 से श्री साहिब कुमार, वार्ड 108 से सुश्री राखी यादव, वार्ड 148 से श्री कमल भारद्वाज, वार्ड 149 से सुश्री लीना कुमार, वार्ड 153 से सुश्री हिमानी जैन और वार्ड 109 से श्री अशोक पांडेय शामिल हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित