नयी दिल्ली , अक्टूबर 18 -- विश्व हिंदू परिषद (विहिप) ने दिल्ली पुलिस से राजधानी में आयोजित होने वाले गरबा कार्यक्रमों की सख्त निगरानी रखने की अपील की है ताकि इन कार्यक्रमों में धार्मिक और सांस्कृतिक मर्यादा बरकरार रह सके।
विहिप के दिल्ली प्रांत के मंत्री सुनील सूरी ने इस संबंध में दिल्ली पुलिस के आयुक्त अनुराग कुमार, मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता, प्रदेश के गृहमंत्री आशीष सूद और कला एवं संस्कृति मंत्री कपिल मिश्रा को पत्र लिखा है।
श्री सूरी ने पत्र में कहा है कि नवरात्रि माँ दुर्गा और माँ शक्ति की आराधना का पर्व है और गरबा इसी धार्मिक एवं सांस्कृतिक परंपरा का हिस्सा है। इसलिए गरबा आयोजन की पहचान भक्ति, संस्कार और भारतीय संस्कृति से होनी चाहिए, उसे नाइट क्लब अथवा पार्टी के स्वरूप में नहीं बदला जाना चाहिए।
विहिप के अनुसार ऐसे आयोजनों को लेकर शिकायतें मिली है, जिसमें गरबा के नाम पर कार्यक्रम के मूल सांस्कृतिक स्वरूप को बदलकर नाइट क्लब जैसी गतिविधियों को बढ़ावा दिए जाने की आशंका व्यक्त की गयी है। संगठन ने कहा है कि पहचान छिपाकर प्रवेश करना, गलत विवरण देना, महिलाओं/बालिकाओं से दुर्व्यवहार, हिंसा, नशीले पदार्थों से संबंधित अपराध या अन्य कानून-विरुद्ध गतिविधि होने पर कानून के अनुसार कार्रवाई होनी चाहिए।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित