लखनऊ , अगस्त 12 -- उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने बुधवार को नई दिल्ली में केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह से शिष्टाचार भेंट की। मुलाकात के दौरान उन्होंने अमित शाह से मार्गदर्शन प्राप्त किया।

केशव प्रसाद मौर्य ने पोस्ट में लिखा कि नई दिल्ली में देश के केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह से शिष्टाचार भेंट कर मार्गदर्शन प्राप्त किया। उन्होंने अपना अमूल्य समय देने के लिए अमित शाह का आभार भी जताया। मुलाकात के दौरान दोनों नेताओं ने गर्मजोशी से एक-दूसरे का अभिवादन किया। दोनों नेताओं की मुलाकात ऐसे समय हुई है जब उत्तर प्रदेश में वर्ष 2027 में होने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक गतिविधियां तेज हैं।

केशव मौर्य और अमित शाह की मुलाकात को राजनीतिक दृष्टि से भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। हालांकि, मुलाकात के एजेंडे या दोनों नेताओं के बीच हुई बातचीत के बारे में कोई विस्तृत जानकारी साझा नहीं की गई है। केशव मौर्य ने इसे शिष्टाचार भेंट बताते हुए केंद्रीय गृह मंत्री से मार्गदर्शन प्राप्त करने की बात कही है।उत्तर प्रदेश में आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर भाजपा संगठन और सरकार स्तर पर तैयारियां लगातार तेज हो रही हैं।

प्रदेश के वरिष्ठ भाजपा नेता की केंद्रीय नेतृत्व से मुलाकात को विभिन्न राजनीतिक और संगठनात्मक पहलुओं से जोड़कर देखा जा रहा है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित