नयी दिल्ली , सितंबर 21 -- दिल्ली सरकार अगले महीने राजधानी की सड़कों पर 150 न;h इलेक्ट्रिक बसें उतारेगी।

दिल्ली के परिवहन मंत्री डॉ. पंकज कुमार सिंह ने सोमवार को परिवहन विभाग के साथ समीक्षा बैठक के बाद यह जानकारी दी। उन्होंने कहा कि सरकार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ग्रीन विजन के अनुरूप दिल्ली को 'ग्रीन कैपिटल' बनाने के लिए इलेक्ट्रिक बसों और उनसे जुड़े बुनियादी ढांचे को तेजी से मजबूत कर रही है। बस डिपो और चार्जिंग इंफ्रास्ट्रक्चर का विकास समानांतर रूप से किया जा रहा है, ताकि नयी बसों को बिना किसी देरी के परिचालन में लाया जा सके।

उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य स्वच्छ और हरित दिल्ली का निर्माण करना है तथा पर्यावरण को ध्यान में रखते हुए आवश्यकता के अनुसार परिवहन ढांचे का विस्तार किया जा रहा है। वर्तमान में दिल्ली में 40 बस डिपो से करीब 5,088 इलेक्ट्रिक बसें संचालित हो रही हैं। तीन अन्य नये बस डिपो में इलेक्ट्रिक बसों के लिए चार्जिंग सुविधा स्थापित करने का काम तेजी से चल रहा है।

उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री ई-ड्राइव योजना के तहत भी बड़े स्तर पर चार्जिंग इंफ्रास्ट्रक्चर विकसित किया जा रहा है। पीएम- ई ड्राइव-1 के तहत दिल्ली के 16 बस डिपो में 2,800 इलेक्ट्रिक बसों की चार्जिंग क्षमता वाला ढांचा तैयार किया जायेगा। वहीं, पीएम- ई ड्राइव-2 के तहत 16 अन्य बस डिपो में 2,710 इलेक्ट्रिक बसों की चार्जिंग क्षमता विकसित की जायेगी। इन परियोजनाओं को अगले दो वर्षों में अलग-अलग चरणों में पूरा किए जाने की उम्मीद है।

सरकार दौराला और झुलझुली में भी दो नए बस डिपो विकसित कर रही है। इनकी क्षमता क्रमश: 250 और 500 बसों की होगी। इन डिपो के निर्माण से दिल्ली के ग्रामीण इलाकों में सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था मजबूत होगी और वहां के यात्रियों को राजधानी के अन्य हिस्सों से बेहतर कनेक्टिविटी मिल सकेगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित