नयी दिल्ली , अप्रैल 29 -- दिल्ली पुलिस की विशेष सेल ने उत्तर भारत में सक्रिय अंतरराष्ट्रीय हथियार तस्कर गिरोह का भंडाफोड़ कर दिल्ली और उत्तर प्रदेश में की गयी समन्वित छापेमारी में अवैध आग्नेयास्त्रों तथा गोला-बारूद के जखीरे के साथ नौ लोगों को गिरफ्तार किया है।
दिल्ली के अतिरिक्त पुलिस आयुक्त प्रमोद सिंह कुशवाहा ने बताया कि विशेष सेल की 'ईस्टर्न रेंज' का यह अभियान लगातार मिल रहे खुफिया इनपुट और तकनीकी निगरानी के आधार पर पिछले दो हफ्तों में चलाया गया। उन्होंने बताया कि यह नेटवर्क 'अत्यधिक संगठित और बहुस्तरीय' था। इसके तार कई राज्यों से जुड़े थे और हथियारों की अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सोर्सिंग के संकेत मिले हैं।
पुलिस ने बताया कि इस गिरोह का संचालन भगोड़ा अपराधी शहबाज अंसारी और उसके चाचा रेहान अंसारी कर रहे थे। जांचकर्ताओं को शक है कि विदेशी निर्मित हथियारों को सीमा पार से हासिल करने नेपाल के रास्ते तस्करी कर दिल्ली-एनसीआर और उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों में सक्रिय आपराधिक नेटवर्क को सप्लाई किया जाता था। इस गिरोह पर कार्रवाई की शुरुआत इस महीने की शुरुआत में उत्तर-पूर्वी दिल्ली में एक संदिग्ध की गिरफ्तारी से हुई। इसके बाद एक के बाद एक कई खुलासे हुए और इसी आधार पर दिल्ली, खुर्जा, लोनी, जौनपुर और आजमगढ़ सहित कई स्थानों पर गिरफ्तारियां की गयीं। पकड़े गये लोग अवैध हथियारों की खरीद, परिवहन और वितरण में शामिल मुख्य गुर्गे माने जा रहे हैं।
अभियान के दौरान पुलिस ने 18 अत्याधुनिक सेमी-ऑटोमैटिक पिस्तौल (विदेशी हथियारों सहित), देसी कट्टे, 92 जिंदा कारतूस, अतिरिक्त मैगजीन और हथियारों की मरम्मत व उनमें बदलाव के लिए इस्तेमाल किये जाने वाले उपकरण बरामद किये हैं। आपत्तिजनक डाटा वाले इलेक्ट्रॉनिक उपकरण भी जब्त किये गये हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित