झाबुआ , मई 27 -- मध्यप्रदेश के झाबुआ जिले में दिल्ली मुंबई एक्सप्रेसवे पर अज्ञात वाहन की टक्कर से एक युवक की मृत्यु हो गई, जबकि एक महिला घायल हो गई।
पुलिस सूत्रों के अनुसार थांदला तहसील क्षेत्र में रेस्ट एंड सर्विस एरिया तथा माही नदी के समीप बुधवार सुबह यह दुर्घटना हुई। तलावड़ा निवासी मेता बाई अपने पुत्र रामप्रसाद और एक छोटे बालक के साथ सड़क पार कर रही थीं। इसी दौरान तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी।
दुर्घटना में रामप्रसाद पिता शांतु निनामा (25) निवासी तलावड़ा की मौके पर ही मृत्यु हो गई, जबकि मेता बाई घायल हो गईं। घायल महिला को उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज रतलाम भेजा गया है।
खवासा पुलिस चौकी प्रभारी नरेश निनामा ने बताया कि सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी गई है। शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। तलावड़ा पंचायत के सरपंच प्रतिनिधि एवं भाजपा नेता कमलेश गहलोत ने बताया कि एक्सप्रेसवे गांव के बीच से गुजर रहा है, जिसके कारण ग्रामीणों को कृषि और अन्य कार्यों के लिए सड़क के एक ओर से दूसरी ओर जाना पड़ता है।
उन्होंने कहा कि सड़क पार करते समय लगातार दुर्घटनाएं हो रही हैं। उन्होंने ग्रामीणों की सुरक्षा के लिए फुट ओवर ब्रिज निर्माण की मांग करते हुए कहा कि यह मांग पहले भी कई बार उठाई जा चुकी है, लेकिन अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित