रायपुर , नवंबर 07 -- छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने राष्ट्रीय राजधानी के रामलीला मैदान में आयोजित विपक्ष की महारैली में शामिल नहीं होने वाले पार्टी नेताओं के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई की तैयारी शुरू कर दी है। प्रदेश संगठन ऐसे नेताओं की सूची तैयार कर रहा है, जिन्होंने रैली में अपनी उपस्थिति दर्ज नहीं कराई। दीपावली के बाद संबंधित नेताओं से चर्चा कर आगे की कार्रवाई पर निर्णय लिया जाएगा।
प्रदेश कांग्रेस के संगठन महामंत्री मलकीत सिंह ने इस संबंध में शनिवार को बताया कि दिल्ली नहीं जाने वाले नेताओं की सूची बनायी जा जा रही है। दीपावली के बाद नेताओं से चर्चा करके कार्रवाई की जाएगी।
दरअसल, एक नवंबर को नई दिल्ली के रामलीला मैदान में इंडिया गठबंधन की ओर से 'वोट बचाओ, देश बचाओ महारैली' आयोजित की गई थी। इस रैली में अनुपस्थित रहने वाले पदाधिकारियों के खिलाफ यूथ कांग्रेस पहले ही सात राज्यों में बड़े पैमाने पर अनुशासनात्मक कार्रवाई कर चुकी है। संगठन ने गुजरात, पश्चिम बंगाल, उत्तर प्रदेश, तेलंगाना, हरियाणा, मध्य प्रदेश और झारखंड के कुल 202 पदाधिकारियों को निलंबित किया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सबसे अधिक कार्रवाई मध्य प्रदेश में हुई है, जहां 60 पदाधिकारियों को निलंबित किया गया है। इसके अलावा गुजरात में 49, पश्चिम बंगाल में 26, उत्तर प्रदेश में 11, तेलंगाना में 14, हरियाणा में 10 और झारखंड में 32 पदाधिकारियों के खिलाफ निलंबन की कार्रवाई की गई है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित