चंडीगढ़ , अक्टूबर 26 -- राष्ट्रीय राजधानी में एक नवंबर को इंडिया गठबंधन की प्रस्तावित महारैली में भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए चंडीगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने तैयारियां तेज कर दी हैं। सेक्टर-35 स्थित कांग्रेस भवन में प्रदेश अध्यक्ष एच.एस. लक्की की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में रैली के लिए चंडीगढ़ से करीब 1,500 कार्यकर्ताओं को दिल्ली ले जाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया।
बैठक में एआईसीसी महासचिव एवं चंडीगढ़ प्रभारी रजनी पाटिल और एआईसीसी ऑब्जर्वर आर.एस. बाली भी मौजूद रहे। इस दौरान जिलाध्यक्षों, ब्लॉक अध्यक्षों, पार्षदों और विभिन्न फ्रंटल संगठनों के पदाधिकारियों को रैली की तैयारियों से जुड़ी जिम्मेदारियां सौंपी गईं।
श्री लक्की ने कहा कि एक नवंबर की महारैली लोकतंत्र, संविधान और मताधिकार की रक्षा के मुद्दों को राष्ट्रीय स्तर पर उठाने का अवसर है। उन्होंने मतदाता सूची से नाम हटाए जाने की शिकायतों और वोट चोरी के आरोपों का उल्लेख करते हुए कहा कि इन मुद्दों पर गंभीरता से विचार होना चाहिए। उन्होंने कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर रैली में भागीदारी सुनिश्चित करने की अपील की।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित