नयी दिल्ली , अगस्त 27 -- दिल्ली प्रदेश भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) महिला मोर्चा की कार्यकर्ताओं ने गुरुवार को पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष एवं केंद्रीय राज्य मंत्री हर्ष मल्होत्रा को राखी बांधी और उनके स्वस्थ एवं दीर्घायु जीवन की कामना की।

इस मौके पर महिला मोर्चा की अध्यक्ष अर्चना गुप्ता ने कहा कि दिल्ली में 27 वर्ष बाद आई भाजपा सरकार ने मात्र 20 माह में मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के नेतृत्व में जहां राजधानी की स्थिति सुधारी है। वहीं, वहीं तीज त्योहार पर मुफ्त सिलेंडर, विधा वाहिनी योजना और अब दिल्ली लक्ष्मी योजना लागू करके दिल्ली की सामान्य वर्ग की महिलाओं के जीवन में सार्थक परिवर्तन ला दिया है।

श्री मल्होत्रा ने महिला मोर्चा की कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि रक्षा बंधन भारतीय संस्कृति का ऐसा पर्व है जो भाई-बहन के प्रेम के साथ-साथ एक-दूसरे के प्रति जिम्मेदारी, सम्मान और सुरक्षा के संकल्प को भी दर्शाता है। उन्होंने कहा कि भाजपा के लिए महिलाओं का सम्मान और उनका सशक्तिकरण केवल राजनीतिक विषय नहीं, बल्कि सामाजिक जिम्मेदारी है।

उन्होंने कहा कि दिल्ली में भाजपा सरकार ने महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए दिल्ली लक्ष्मी योजना लागू की है। इस योजना के अंतर्गत पात्र महिलाओं को प्रति माह 2,500 रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की जा रही है। उन्होंने कहा कि यह योजना दिल्ली की महिलाओं को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने और उनके आत्मविश्वास को बढ़ाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने कहा कि 2,500 रुपये प्रतिमाह की सहायता दिल्ली की लाखों पात्र महिलाओं के लिए परिवार की आवश्यकताओं को पूरा करने में सहयोगी साबित होगी। यह राशि महिलाओं को अपनी छोटी-बड़ी जरूरतों के लिए दूसरों पर निर्भरता कम करने में मदद करेगी और उनके आर्थिक निर्णय लेने की क्षमता को मजबूत करेगी।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार ने महिलाओं के सम्मान, सुरक्षा और आत्मनिर्भरता को प्राथमिकता दी है। इसी सोच को आगे बढ़ाते हुए दिल्ली की भाजपा सरकार भी महिलाओं के हित में लगातार महत्वपूर्ण निर्णय ले रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित