नयी दिल्ली , जुलाई 22 -- दिल्ली प्रदेश भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के अध्यक्ष हर्ष मल्होत्रा की अध्यक्षता पार्टी कार्यालय में नवनियुक्त पदाधिकारियों की अहम बैठक हुई। प्रथम ओरिएंटेशन बैठक आज प्रदेशाध्यक्ष श्री हर्ष मल्होत्रा की अध्यक्षता में प्रदेश कार्यालय में सम्पन्न हुई, जिसमें केन्द्र तथा दिल्ली सरकारों की योजनाओं का लाभ जनता के बीच पहुंचाकर दिल्ली को भाजपा का अजेय किला बनाने का मंत्र दिया गया।
इस बैठक में भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री एवं राज्यसभा सांसद तरुण चुघ ने भी नवनियुक्त पदाधिकारियों को बधाई दी और कहा कि अधिकांश नवनियुक्त पदाधिकारी अनुभवशाली कार्यकर्ता हैं। उन्होंने कहा, "हमें एक टीम के रूप में काम करते हुए केन्द्र तथा दिल्ली सरकारों की योजनाओं का लाभ जनता के बीच पहुंचाकर दिल्ली को भाजपा का अजेय किला बनाना है।"वहीं, श्री मल्होत्रा ने कहा कि संगठनात्मक प्रचार प्रसार को अपना सम्पूर्ण समय दें, लेकिन राजनीतिक विषयों संवेदनशीलता के साथ पार्टी द्वारा तय गाइडलाइन का पालन करते हुए ही बोलें।
इस बैठक में श्री चुघ और श्री मल्होत्रा के अलावा अनुसूचित जाति मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष लाल सिंह आर्या, प्रदेश संगठन महामंत्री पवन राणा, प्रदेश महामंत्री विष्णु मित्तल, श्रीमती योगिता सिंह और श्री मोहन लाल गिहारा, दिल्ली सरकार में मंत्री रविन्द्र इंद्रराज, सांसद शिवेश कुमार और विधायक राजकुमार भाटिया सहित दिल्ली भाजपा के तमाम नवनियुक्त पदाधिकारी उपस्थित रहे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित