नई दिल्ली , मार्च 17 -- दिल्ली में रूप नगर स्थित नाले पर बने लोहे के पुल के गिरने से एक महिला की दर्दनाक मौत पर दिल्ली प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष देवेन्द्र यादव ने मृतक के लिए 50 लाख रुपये मुआवजे की मांग की है।
कांग्रेस अध्यक्ष ने इस हादसे के लिए सीधे तौर पर दिल्ली मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता को जिम्मेदार ठहराया। श्री देवेंद्र यादव ने मांग की कि मृतक महिला के परिवार को दिल्ली सरकार तुरंत 50 लाख रुपये का मुआवजा दे, क्योंकि यह दुर्घटना सरकार की लापरवाही का परिणाम है। उन्होंने कहा कि दिल्ली में आए दिन पुल गिरने, नालों में गिरने, जलभराव और सड़कों पर गड्ढों के कारण लोगों की जान जा रही है।
श्री यादव ने आरोप लगाया कि दिल्ली में बुनियादी ढांचा पूरी तरह जर्जर हो चुका है और सरकार इसे सुधारने में विफल रही है। उन्होंने बताया कि हाल के महीनों में कई ऐसी घटनाएं हुई हैं, जिनमें लोगों की जान गई, लेकिन जिम्मेदारी तय नहीं हुई।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित