नयी दिल्ली , सितंबर 14 -- दिल्ली पुलिस ने दक्षिण अफ्रीका के एक ब्रिक्स प्रतिनिधि का तीन लाख रुपये की भारतीय और अमेरिकी मुद्रा से भरा बैग गायब होने की सूचना मिलने के 35 मिनट के भीतर एक कैब से बरामद कर लिया। एक अधिकारी ने सोमवार को यह जानकारी दी।

पुलिस ने बताया कि प्रतिनिधि के निर्धारित प्रस्थान से कुछ देर पहले उसका बैग उसे लौटा दिया गया।

पुलिस के अनुसार दिल्ली में ब्रिक्स सम्मेलन में शामिल होने आये प्रतिनिधि ने गुरुग्राम के एक मॉल का दौरा किया था। मध्य दिल्ली के एक होटल लौटने के बाद उसे पता चला कि नकदी से भरा उसका छोटा बैग गायब है।

पुलिस को रविवार शाम 7.10 बजे बैग गायब होने की सूचना मिली।

नयी दिल्ली के पुलिस उपायुक्त सचिन शर्मा ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस ने प्रतिनिधि द्वारा यात्रा के लिए इस्तेमाल की गयी कैब का पता लगाने के लिए कई टीमें गठित कींपुलिस की एक टीम करीब 7.15 बजे होटल पहुंची और प्रतिनिधि की यात्रा तथा वाहन से जुड़ी जानकारी हासिल करने के बाद कैब का पता लगाने का प्रयास शुरू किया।

पुलिस ने दावा किया कि करीब 7.45 बजे तक कैब और उसके चालक का पता लगा लिया गया। अधिकारियों के अनुसार कैब चालक ने शुरुआत में पुलिस से बचने की कोशिश की, लेकिन बाद में सहयोग किया। वाहन की सीट के नीचे नकदी से भरा बैग मिला। सत्यापन के बाद पूरी रकम प्रतिनिधि को सौंप दी गयी।

उन्होंने बताया कि रात 8.15 बजे पुलिस ने नकदी प्रतिनिधि को सौंप दी, जो दक्षिण अफ्रीका के लिए उसके निर्धारित प्रस्थान से करीब 30 मिनट पहले था।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित