नयी दिल्ली , जून 06 -- दिल्ली पुलिस ने दिल्ली विश्वविद्यालय की एक महिला प्रोफेसर की हत्या के मामले को सुलझा लिया है और इस मामले में पश्चिम बंगाल के बर्धमान से तीन आरोपियों पति, पत्नी और उनके नाबालिग पुत्र को गिरफ्तार किया है।
आरोपियों की पहचान रामप्रसाद दास (42), उनकी पत्नी बनश्री दास (36) और एक नाबालिग के तौर पर हुई है। पुलिस उपायुक्त (पूर्वी दिल्ली) ने बताया कि आरोपी परिवार 2023 से बर्धमान में पीड़िता की पुश्तैनी संपत्ति में रह रहा था। यह संपत्ति एक पारिवारिक समझौते के तहत प्रोफेसर को मिली थी और उन्होंने परिवार से कई बार घर खाली करने को कहा था।
बताया जाता है कि जब पीड़िता ने घर खाली करने की आखिरी चेतावनी दी, तो विवाद बढ़ गया और इसके बाद आरोपियों ने उनकी हत्या की साजिश रची। जांचकर्ताओं के मुताबिक, आरोपी पश्चिम बंगाल से दिल्ली आए और कथित तौर पर हत्या को अंजाम देने के बाद भागने की कोशिश की। वारदात के बाद, वे अलग-अलग साधनों से नयी दिल्ली रेलवे स्टेशन पहुंचे और ट्रेन से वापस बर्धमान चले गए। पुलिस ने कहा कि सीसीटीवी फुटेज के विश्लेषण और तकनीकी निगरानी समेत व्यापक जांच से इस मामले को सुलझाने में मदद मिली।
पुलिस के अनुसार संदिग्धों को अपनी पहचान छिपाते और कपड़े बदलते हुए बिल्डिंग के अंदर और आस-पास घूमते देखा गया। आगे की जांच में पता चला कि अपराध को अंजाम देने से पहले वे पूर्वी दिल्ली के एक गेस्ट हाउस में रुके थे। जांच के दौरान अधिकारियों ने गेस्ट हाउस में इस्तेमाल किए गए आधार कार्ड का पता लगाया और पाया कि आरोपियों ने अपनी पहचान छिपाने और पकड़े जाने से बचने के लिए दूसरे लोगों की जानकारी का इस्तेमाल किया था। इन दस्तावेजों से जुड़े मोबाइल नंबरों की निगरानी की गई, जिससे पुलिस को पश्चिम बंगाल तक का सुराग मिला।
इसके बाद पुलिस की एक टीम बर्धमान गई, रेलवे स्टेशन के सीसीटीवी फुटेज से आरोपियों का पता लगाया और उन्हें उनके ठिकाने पर ढूंढ निकाला। तीनों आरोपियों को पकड़ लिया गया है और कानूनी औपचारिकताएं पूरी होने के बाद उन्हें आगे की जांच के लिए दिल्ली लाया जा रहा है। पुलिस ने मृतक प्रोफेसर का मोबाइल फोन, अपराध में इस्तेमाल किया गया रेज़र, एक बैकपैक, अपराध के समय पहने गए कपड़े और टोपी, साथ ही ट्रेन के टिकट और यात्रा से जुड़े दस्तावेज बरामद किए हैं। आगे की जांच जारी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित