नयी दिल्ली , जुलाई 02 -- दिल्ली पुलिस ने शादी के बहाने ठगी करने वाले एक गिरोह का पर्दाफाश करते हुए इस सिलसिले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
अधिकारिक सूत्रों ने गुरुवार को बताया कि यह गिरोह कथित तौर पर अविवाहित पुरुषों को निशाना बनाता था और फर्जी शादियां कराकर उनसे पैसे ऐंठता था। पुलिस ने बताया कि इस मामले में तीन आरोपियों लवली उर्फ़ ललिता, कमल लोहरा और दीपू उर्फ़ राकेश एक्का को गिरफ़्तार किया है। पुलिस उपायुक्त (डीसीपी ) हरेश्वर वी. स्वामी ने बताया कि यह मामला ख्याला थाने में दर्ज एक महिला के लापता होने की शिकायत की जांच के दौरान सामने आया। तकनीकी निगरानी और स्थानीय खुफिया जानकारी के आधार पर पुलिस ने महिला का पता राजस्थान में लगाया। वहां पता चला कि वह पहले से शादीशुदा थी और उसके चार बच्चे हैं। वह कथित तौर पर एक ऐसे गिरोह का हिस्सा थी जो शादीशुदा महिलाओं को कुंवारी दुल्हन बताकर भोले-भाले पुरुषों को धोखा देता था।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित