नयी दिल्ली , सितंबर 07 -- दिल्ली पुलिस ने नयी दिल्ली के कनॉट प्लेस थाने में दर्ज चोरी के एक मामले की जांच के बाद तीन भगोड़ा महिला अपराधियों को गिरफ्तार किया है।

एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी के अनुसार तीनों महिलाएं राष्ट्रीय राजधानी के विभिन्न क्षेत्रों में चोरी के कई मामलों में शामिल रही हैं और वे सभी मध्य प्रदेश के राजगढ़ की रहने वाली हैं।

नयी दिल्ली जिले के पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) सचिन शर्मा ने बताया कि 31 अगस्त को कनॉट प्लेस स्थित एक शो-रूम में चोरी की घटना हुई थी, जहां एक शिकायतकर्ता का सामान चोरी हो गया था। कनॉट प्लेस पुलिस थाने में मामला दर्ज कर इसकी जांच के लिए एक टीम गठित की गयी। टीम ने सीसीटीवी फुटेज का बारीकी से विश्लेषण किया, खुफिया जानकारी जुटायी और क्षेत्र में पूछताछ की। टीम अंततः चोरी में शामिल संदिग्ध आरोपियों का सुराग हासिल करने में कामयाब रही।

इसके बाद टीम ने पूर्वी दिल्ली के चिल्ला गांव और आसपास के इलाकों में कई बार छापेमारी की, घर-घर जाकर सत्यापन किया, परिसरों की जांच की और स्थानीय निवासियों से पूछताछ की। इन प्रयासों से तीन महिला आरोपियों को पुलिस ने धर दबोचा गया। उनके आपराधिक इतिहास के सत्यापन के दौरान पाया गया कि तीनों को अलग-अलग आपराधिक मामलों में अदालत द्वारा 'भगोड़ा अपराधी' घोषित किया जा चुका था।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित