नयी दिल्ली , जुलाई 30 -- कांवड़ यात्रा को ध्यान में रखते हुए दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने दक्षिण दिल्ली में यात्रियों के लिए एक यातायात परामर्श जारी किया है। यात्रा के लिए 30 जुलाई से 11 अगस्त तक विशेष यातायात व्यवस्थाएं प्रभावी रहेंगी।

परामर्श के अनुसार, मार्गों पर कांवड़ियों की आवाजाही और कांवड़ शिविरों की स्थापना के कारण कई प्रमुख सड़कों पर ट्रैफिक जाम और मार्ग परिवर्तन होने की आशंका है।

यात्रियों को सलाह दी गयी है कि कांवड़ यात्रा के व्यस्त समय के दौरान यदि संभव हो तो आउटर रिंग रोड, रिंग रोड, मथुरा रोड, महरौली बदरपुर रोड, महात्मा गांधी रोड, अरबिंदो मार्ग, जे.बी. टीटो मार्ग और लाल बहादुर शास्त्री (एलबीएस) मार्ग पर यात्रा करने से बचें।

ट्रैफिक पुलिस ने नागरिकों से अपनी यात्रा की योजना पहले से बनाने की अपील की है। विशेष रूप से इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे, रेलवे स्टेशनों और अस्पतालों की ओर जाने वाले लोगों को सतर्क रहने को कहा गया है, क्योंकि यात्रा अवधि के दौरान देरी हो सकती है।

अधिकारियों ने बताया कि तीर्थयात्रियों की सुरक्षित आवाजाही सुनिश्चित करने और आम जनता को होने वाली परेशानियों को कम करने के लिए कांवड़ यात्रा के दौरान ये विशेष इंतजाम लागू रहेंगे।

परामर्श में कांवड़ियों के लिए भी विशेष निर्देश जारी किये गये हैं। अधिकारियों के मुताबिक, कांवड़ियों से महरौली-बदरपुर रोड, जे.बी. टीटो मार्ग और लाल बहादुर शास्त्री मार्ग का उपयोग न करने का अनुरोध किया गया है, क्योंकि इन रास्तों पर दिल्ली मेट्रो का निर्माण कार्य चल रहा है और पैदल चलने वालों के लिए जगह सीमित है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित