नयी दिल्ली , अप्रैल 10 -- दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी आईएसआई और प्रतिबंधित खालिस्तानी संगठन 'बब्बर खालसा इंटरनेशनल' से जुड़े एक व्यापक जासूसी और आतंकी नेटवर्क का भंडाफोड़ करते हुए 11 लोगों को गिरफ्तार कर लिया है।

आधिकारिक सूत्रों के अनुसार, यह मॉड्यूल दिल्ली और उत्तर भारत के विभिन्न हिस्सों में बेहद संगठित तरीके से काम कर रहा था। आरोपियों ने सेना के प्रतिष्ठानों सहित कई संवेदनशील स्थानों पर चोरी-छिपे सीसीटीवी कैमरे लगाए थे, ताकि रणनीतिक गतिविधियों की निगरानी की जा सके। जांच में खुलासा हुआ है कि इन कैमरों की लाइव फीड सिम-आधारित सिस्टम के जरिए सीधे पाकिस्तान में बैठे हैंडलर्स को भेजी जा रही थी। अधिकारियों ने बताया कि देश भर में कई स्थानों पर ऐसे कैमरे पाए गए हैं। इससे पहले भी गाजियाबाद में भी इसी तरह के एक मॉड्यूल का भंडाफोड़ हुआ था।

स्पेशल सेल की जांच में यह भी सामने आया है कि यह नेटवर्क हथियारों की तस्करी में भी लिप्त था। छापेमारी के दौरान पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चार पिस्तौल, भारी मात्रा में कारतूस, मोबाइल फोन और कई आपत्तिजनक दस्तावेज बरामद किए हैं। सूत्रों के मुताबिक, यह मॉड्यूल पंजाब में ग्रेनेड हमलों को अंजाम देने की साजिश रच रहा था, जिसे समय रहते विफल कर दिया गया।

यह नेटवर्क आर्थिक रूप से कमजोर और अनपढ़ लोगों को पैसों का लालच देकर सीसीटीवी कैमरे लगवाने के काम में इस्तेमाल करता था। कैमरे लगाने के वीडियो और तस्वीरें सीमा पार साझा की जाती थीं। हथियारों की तस्करी से मिलने वाले धन का उपयोग इस जासूसी नेटवर्क को वित्तपोषित करने के लिए किया जा रहा था।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित