पंचकूला , जुलाई 31 -- हरियाणा पुलिस ने दिल्ली पुलिस की स्पेशल टीम बनकर एक फ्लैट में फर्जी छापा मारने, लोगों को बंधक बनाने और 25 लाख रुपये की रंगदारी मांगने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए एक महिला समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरोह के कब्जे से दिल्ली पुलिस के तीन फर्जी पहचान पत्र बरामद किए गए हैं, जबकि मुख्य आरोपी ऋषि फरार है।

हरियाणा पुलिस के एक प्रवक्ता ने बताया कि घटना 29 और 30 जुलाई की दरम्यानी रात सेक्टर-86 स्थित अंसल हाइट्स सोसाइटी में हुई। शिकायतकर्ता अपने दोस्तों के साथ फ्लैट में मौजूद था, तभी एक महिला सहित छह लोग जबरन अंदर घुस आए और खुद को दिल्ली पुलिस की स्पेशल टीम का सदस्य बताकर छापेमारी शुरू कर दी।

आरोप है कि आरोपियों ने फ्लैट में मौजूद लोगों को बंधक बनाया, उनके साथ मारपीट की, झूठे मामलों में फंसाने की धमकी दी और 25 लाख रुपये की मांग की। इसी दौरान मुख्य आरोपी ऋषि एक युवक को पैसे लाने के बहाने अपने साथ ले गया। युवक ने रास्ते में अपने दोस्तों को लाइव लोकेशन भेज दी, जिसके बाद उसके साथी मौके पर पहुंचे और चार आरोपियों को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। ऋषि मौके से फरार हो गया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित