नागपुर/नयी दिल्ली , जुलाई 21 -- संसद मार्च के दौरान दिल्ली पुलिस की लाठीचार्ज कार्रवाई में बार-बार "मारो सर, मारो" कहते हुए दिखाई देने वाला नागपुर का 27 वर्षीय युवक भारत बनैत सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है।
एमकॉम स्नातक श्री बनैत ने दावा किया कि वह कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) के शुरुआती समर्थकों में से हैं और नागपुर में पार्टी के पहले प्रदर्शन के आयोजकों में शामिल रहे। बाद में वह संसद मार्च में भाग लेने के लिए नयी दिल्ली पहुंचे।
उन्होंने बताया कि पुलिस कार्रवाई में उनके सिर पर चोट लगी। घायल अवस्था में जब वह पुलिस वाहन में बैठे थे, तभी उनकी मां का फोन आया, जिन्होंने सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो देख लिया था। उन्होंने कहा कि मां को रोते हुए सुनना उन्हें लगी चोट से भी अधिक पीड़ादायक था।
श्री बनैत ने कहा कि इस घटना से उनके हृदय रोग से पीड़ित पिता भी बेहद आहत हुए। उन्होंने 20 जुलाई को अपने जीवन का "काला दिन" बताते हुए कहा कि उनके शरीर पर लगी चोटें इस संघर्ष की आजीवन याद दिलाती रहेंगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित