नयी दिल्ली , मार्च 15 -- दिल्ली प्रदेश कांग्रेस के प्रवक्ता डॉ. नरेश कुमार ने कहा है कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सरकार दिल्ली देहात के लोगों से किए गए वादों को पूरा करने में बुरी तरह नाकाम साबित हुई है।

डॉ. नरेश ने रविवार को यहां संवाददाताओं से बातचीत करते हुए कहा कि भाजपा ने दिल्ली देहात के किसानों की जमीन के सर्किल रेट बढ़ाने का वादा किया था ताकि किसानों को फायदा मिल सके, लेकिन यह वादा अब तक पूरा नहीं किया गया। इसी तरह शहरी विस्तार सड़क (यूईआर)-2 पर राजधानी के देहात के निवासी आज भी भारी टोल टैक्स देने को मजबूर हैं, जबकि सरकार ने वादा किया था कि आसपास के गांवों के लोगों को इसमें राहत दी जाएगी।

उन्होंने कहा कि घेवरा गांव में खेल विश्वविद्यालय स्थापित करने की घोषणा भी केवल कागज़ों तक सीमित रह गई है और इस परियोजना पर अब तक कोई ठोस प्रगति नहीं हुई, जिसके कारण दिल्ली देहात के लोगों में भारी नाराज़गी है।

उन्होंने कहा कि आज पूर्व मुख्यमंत्री साहिब सिंह वर्मा की जयंती के अवसर पर दिल्ली कैबिनेट के मंत्री प्रवेश साहिब सिंह की ओर से घेवरा गांव में एक सभा आयोजित की गयी, जिसमें श्रीमती गुप्ता शामिल नहीं हुईं।

कांग्रेस प्रवक्ता ने कहा कि यदि मुख्यमंत्री इस सभा में पहुंचतीं तो दिल्ली देहात के लोग उनसे इन्हीं अधूरे वादों और जन समस्याओं को लेकर कड़े सवाल पूछते, जिनसे जवाब देने से सरकार लगातार बचती हुई नज़र आ रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित