सहारनपुर , अप्रैल 4 -- दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेस-वे का लोकार्पण 14 अप्रैल को डॉ. भीमराव अंबेडकर जयंती के अवसर पर किया जाएगा।
भाजपा नगर विधायक राजीव गुंबर ने शनिवार को बताया कि उद्घाटन कार्यक्रम के लिए सहारनपुर के गणेशपुर गांव के पास पांच हेलीपेड तैयार किए जा रहे हैं। इस अवसर पर प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री अलग-अलग स्थानों पर जनसभाओं को संबोधित कर सकते हैं।
उन्होंने बताया कि कार्यक्रम के दौरान दोनों नेता डाटकाली देवी मंदिर में पूजा-अर्चना भी करेंगे। कार्यक्रम की तैयारियों के तहत मंडलायुक्त रूपेश कुमार, जिलाधिकारी मनीष बंसल और एनएचएआई के अधिकारियों ने सभास्थल का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया है।
हालांकि, प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री का अधिकृत कार्यक्रम अभी प्रशासन को प्राप्त नहीं हुआ है। उल्लेखनीय है कि इस एक्सप्रेस-वे के शुरू होने से दिल्ली के अक्षरधाम से देहरादून तक की यात्रा का समय घटकर लगभग ढाई से तीन घंटे रह जाएगा, जिससे आवागमन में काफी सुविधा होगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित