सहारनपुर , अप्रैल 5 -- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 14 अप्रैल को डॉ. भीमराव अंबेडकर जयंती के अवसर पर दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेस-वे का लोकार्पण करेंगे। इस अवसर पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ तथा उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी भी उपस्थित रहेंगे। आधिकारिक सूत्रों ने रविवार को बताया कि करीब 210 किलोमीटर लंबा छह लेन का यह एक्सप्रेस-वे दिल्ली और देहरादून के बीच यात्रा समय को घटाकर लगभग ढाई से तीन घंटे कर देगा। इस परियोजना का शिलान्यास प्रधानमंत्री मोदी ने 4 दिसंबर 2021 को किया था।
लोकार्पण कार्यक्रम का आयोजन उत्तर प्रदेश के गणेशपुर तथा उत्तराखंड के देहरादून में प्रस्तावित है। कार्यक्रम को सुरक्षित एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए प्रशासन द्वारा व्यापक तैयारियां की जा रही हैं। एडीजी मेरठ जोन भानु भास्कर सहित वरिष्ठ अधिकारियों ने गणेशपुर में हेलीपैड एवं अन्य व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया है।
सूत्रों ने बताया कि प्रधानमंत्री मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ गणेशपुर स्थित मां डाट काली मंदिर में पूजा-अर्चना भी करेंगे। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ गणेशपुर में आयोजित सभा को संबोधित करेंगे, जबकि प्रधानमंत्री का मुख्य संबोधन देहरादून में प्रस्तावित है।
प्रशासनिक स्तर पर कमिश्नर, डीआईजी, जिलाधिकारी, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक तथा एनएचएआई के अधिकारियों द्वारा कार्यक्रम स्थल एवं मार्गों का निरीक्षण कर सुरक्षा एवं व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जा रहा है।
गौरतलब है कि हाल के महीनों में प्रधानमंत्री मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की पश्चिमी उत्तर प्रदेश में सक्रियता बढ़ी है। विशेषज्ञों के अनुसार आगामी चुनावों को देखते हुए इस क्षेत्र में विकास परियोजनाओं के माध्यम से जनसंपर्क को मजबूत करने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित