सहारनपुर , मार्च 26 -- दिल्ली के अक्षरधाम से देहरादून तक बनने वाला 212 किलोमीटर लंबा छह लेन का एक्सप्रेस-वे उद्घाटन के लिए पूरी तरह तैयार है और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की स्वीकृति का इंतजार किया जा रहा है। राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) और संबंधित विभागों के अधिकारियों के अनुसार जैसे ही प्रधानमंत्री कार्यालय से तिथि तय होगी, एक्सप्रेस-वे का उद्घाटन कर दिया जाएगा। फिलहाल परियोजना का निर्माण कार्य पूरा हो चुका है और अंतिम चरण के फिनिशिंग कार्य किए जा रहे हैं।

एनएचएआई के दिल्ली-एनसीआर क्षेत्रीय अधिकारी मोहम्मद सैफी ने बताया कि उनके क्षेत्र में आने वाले करीब 150 किलोमीटर हिस्से पर सड़क की मार्किंग, लाइटिंग और अन्य अंतिम कार्य पूरे किए जा रहे हैं। वहीं सहारनपुर-देहरादून खंड (62 किमी) के क्षेत्रीय अधिकारी विशाल गुप्ता ने बताया कि यह हिस्सा पूरी तरह तैयार है।

सहारनपुर के मुख्य अभियंता (लोक निर्माण विभाग) संजय कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि उद्घाटन कार्यक्रम को ध्यान में रखते हुए देहरादून क्षेत्र में वन्यजीव गलियारे के पास प्रधानमंत्री, राज्यपाल और मुख्यमंत्री के हेलीकॉप्टरों के लिए हेलीपैड चिह्नित किए गए हैं और तैयारियां शुरू हैं।

जिलाधिकारी मनीष बंसल ने कहा कि उद्घाटन की तिथि अभी तय नहीं हुई है, लेकिन सभी विभाग अपनी तैयारियां पूरी कर रहे हैं। लगभग 12 हजार करोड़ रुपये की लागत से बने इस एक्सप्रेस-वे का प्रमुख आकर्षण देहरादून क्षेत्र में बना करीब 12 किलोमीटर लंबा एशिया का सबसे बड़ा एलिवेटेड वन्यजीव गलियारा है। इस एक्सप्रेस-वे पर वाहनों की गति सीमा 100 किमी प्रति घंटा निर्धारित की गई है, जिससे दिल्ली से देहरादून की दूरी अब लगभग ढाई से पौने तीन घंटे में तय की जा सकेगी, जबकि वर्तमान में इसमें 6 से 7 घंटे लगते हैं।

अधिकारियों के अनुसार भविष्य में इस एक्सप्रेस-वे को 10 से 12 लेन तक विस्तारित किया जा सकता है। मार्ग पर फूड कोर्ट, पेट्रोल पंप, एयर फिलिंग स्टेशन और सीसीटीवी कैमरों जैसी सुविधाएं उपलब्ध होंगी।

एनएचएआई के अधिकारी विशाल गुप्ता ने बताया कि सैय्यद पीरमाजरा के पास एक टोल प्लाजा संचालित होगा, जबकि गणेशपुर में दूसरा टोल प्लाजा बनाया जा रहा है। साथ ही वन्यजीवों की सुरक्षित आवाजाही के लिए एलिवेटेड कॉरिडोर के नीचे छह अंडरपास भी बनाए गए हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित