नयी दिल्ली , मार्च 13 -- दिल्ली थोक जिंस बाजार में शुक्रवार को अनाज और दालों में कुल मिला कर हल्की से लेकर औसत स्तर की गिरावट दिखी जबकि खाद्य तेलों के बाजार में रुझान मिला जुला था।

बाजार में सामान्य क्वालिटी का चावल 33 रुपये प्रति क्विंटल नरम था, जबकि गेहूं दड़ा कल की तुलना में14 रुपये नीचे बोला जा रहा था। आटा में भी हल्की नरमी दिखी। दालों में अरहर प्रति क्विंटल 75 रुपये टूट गयी जबकि दाल चना, उड़द, मूंग और मसूर में भी 23 से 30 रुपये क्विंटल तक की गिरावट देखीगयी।

खाद्य तेलों के थोक सौदों में सरसों तेल प्रतिक्विंटल 38 रुपये मंदा चल रहा था, वनस्पति में 37 रुपये और सोया तेल में 12 रुपये तक की नरमी दिखी। इसके विपरीत सूरज मुखी ओर पाम ऑयल के भाव लगभग 55 रुपये प्रति क्विंटल तेज चल रहे थे। तेल मूंगफली 21 रुपये चढ़ा हुआ था।

विदेशी बाजारों में बुरसा (मलेशिया) बाजार में मई के वायादा अनुबंधों में भाव 23 रिंगिट बढ़ कर 4564 रिंगिट प्रति टन के स्तर पर चल रहा था। पिछले कई दिनों से पाम ऑयल वायदा में तेजी बनी हुई है। अमेरिकी जिंस बाजार में सोया तेल 0.03 सेंट यानी (0.04 प्रतिशत) की तेजी के साथ 67.45 सेंट प्रति पौंड के भाव पर था।

गुड़ और चीनी में नरमी के रुझान के बीच कीमतें हल्के दबाव में थीं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित