मुंबई , जुलाई 26 -- महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने शनिवार को उन अटकलों को खारिज कर दिया कि वह पूर्व केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के स्थान पर केंद्रीय मंत्रिमंडल में शामिल होने के लिए नयी दिल्ली जा सकते हैं। उन्होंने स्पष्ट कहा कि वह मुंबई में हैं और महाराष्ट्र में ही बने रहेंगे।
पिछले कुछ दिनों से विपक्षी दलों, विशेषकर उद्धव ठाकरे के नेतृत्व वाली शिवसेना (यूबीटी), की ओर से यह अटकलें लगाई जा रही थीं कि संभावित मंत्रिमंडल विस्तार के दौरान श्री फडणवीस को केंद्र सरकार में शामिल कर दिल्ली भेजा जा सकता है।
नीट प्रश्नपत्र लीक मामले को लेकर हुए विरोध प्रदर्शनों के बाद केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे से इन अटकलों को और बल मिला। इसके बाद श्री फडणवीस के दिल्ली दौरे से यह चर्चा तेज हो गई कि उन्हें शिक्षा मंत्रालय की जिम्मेदारी सौंपी जा सकती है। शिवसेना (यूबीटी) के सांसद संजय राउत ने भी इसी प्रकार की टिप्पणी की थी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित