नयी दिल्ली , मई 19 -- दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने मंगलवार को कहा कि दिल्ली सरकार और दिल्ली परिवहन निगम (डीटीसी) की महत्वाकांक्षी 'पिंक सहेली स्मार्ट कार्ड' योजना के तहत अब तक 08 लाख से अधिक स्मार्ट कार्ड जारी किए जा चुके हैं।
श्रीमती गुप्ता ने आज कहा कि दिल्ली सरकार महिलाओं की सुरक्षा, सुविधा और आत्मनिर्भरता को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए निरंतर कार्य कर रही है। 'पिंक सहेली स्मार्ट कार्ड' केवल मुफ्त यात्रा की सुविधा नहीं है, बल्कि यह महिलाओं को सम्मानजनक, सुरक्षित और डिजिटल रूप से सशक्त यात्रा अनुभव प्रदान करने का माध्यम बन चुका है। उन्होंने कहा कि जब सार्वजनिक परिवहन सुरक्षित, सुलभ और तकनीक आधारित होता है, तब महिलाओं के लिए शिक्षा, रोजगार और आत्मनिर्भरता के अवसर स्वतः बढ़ते हैं। यह योजना महिलाओं को न केवल सुविधा दे रही है, बल्कि उन्हें आत्मविश्वास और स्वतंत्रता का एहसास भी करा रही है।
उन्होंने कहा कि दिल्ली सरकार का लक्ष्य राजधानी की सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को पूरी तरह महिला हितैषी, स्मार्ट और विश्वस्तरीय बनाना है। डिजिटल गवर्नेंस और आधुनिक तकनीक के माध्यम से सरकार परिवहन सेवाओं को अधिक पारदर्शी, कुशल और सुरक्षित बना रही है। यही विकसित और सशक्त दिल्ली की पहचान है। उन्होंने बताया कि पिंक कार्ड को तेजी से बनाने के लिए सरकार ने अभियान चला रखा है। पूरी दिल्ली की विभिन्न रिहायशी कॉलोनियों से लेकर सरकारी कार्यालयों में पिंक कार्ड को लेकर लगातार कैंप लगाए जा रहे हैं। इन कैंपों में महिलाओं का आसानी से पिंक कार्ड बन रहा है। चूंकि सारा मामला ऑनलाइन है, इसलिए दिल्ली की महिलाओं को कार्ड बनाने में किसी प्रकार की परेशानी का सामना नहीं करना पड़ रहा है। ये कैंप पूरी दिल्ली में लगातार लगते रहेंगे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह योजना 5 वर्ष से अधिक आयु की दिल्ली की सभी महिलाओं और ट्रांसजेंडर निवासियों के लिए उपलब्ध है। योजना के माध्यम से महिलाओं का आर्थिक बोझ कम हुआ है और सार्वजनिक बसों में उनकी भागीदारी बढ़ने से यात्रा वातावरण अधिक सुरक्षित और सहज बना है। विशेषज्ञों के अनुसार इस सुविधा से महिलाओं को प्रतिमाह लगभग 1,200 से 2,400 रुपये तक की बचत हो रही है, जिससे परिवारों की आर्थिक स्थिति को भी मजबूती मिल रही है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि आने वाले समय में इस योजना का दायरा और प्रभाव दोनों और अधिक बढ़ेंगे। दिल्ली सरकार महिलाओं के लिए सुरक्षित, स्मार्ट और सम्मानजनक परिवहन व्यवस्था उपलब्ध कराने के अपने संकल्प को पूरी प्रतिबद्धता के साथ आगे बढ़ाती रहेगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित