नयी दिल्ली , अप्रैल 03 -- उत्तर दिल्ली के बुराड़ी इलाके में एक महिला को किराने की दुकान में बंधक बनाकर तीन महिलाओं ने बेरहमी से पीट दिया।

पुलिस के अनुसार पीड़िता पर काजू का एक पैकेट चोरी करने का आरोप लगाकर इस हिंसक घटना को अंजाम दिया गया है।

बुराड़ी थाने में दर्ज प्राथमिकी के अनुसार घटना शनिवार रात करीब 9:15 बजे की है। पीड़िता काम से घर लौटते समय एक सरकारी स्कूल के पास स्थित किराना स्टोर पर सामान खरीदने रुकी थी। महिला का आरोप है कि खरीदारी के बाद जब वह बिल दिखाने लगी, तभी तीन महिलाओं ने उसके साथ गाली-गलौज शुरू कर दी और उन पर चोरी का आरोप लगाकर स्टोर के पिछले गोदाम में घसीट लिया।

पीड़िता ने अपने बयान में बताया कि हमलावरों ने उनका मोबाइल छीन लिया और उनके साथ मारपीट की, जिससे उनकी दाहिनी आंख के नीचे सूजन आ गयी तथा दाहिने हाथ में फ्रैक्चर हो गया।

हमले के दौरान महिला बेहोश हो गयी थी। स्टोर के ही किसी व्यक्ति ने महिला के पति को इसकी सूचना दी। पति जब वहां पहुंचा, तब उसे होश आया। इसके बाद पीसीआर को कॉल की गयी और पुलिस ने महिला को बुराड़ी के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां से बेहतर इलाज के लिए एलएनजेपी अस्पताल रेफर कर दिया गया।

पीड़िता के पति ने बताया कि उनकी पत्नी उस स्टोर की नियमित ग्राहक थी। उन्होंने आरोप लगाया कि जब उनकी पत्नी ने तलाशी के लिए अपना बैग खोला तो स्टोर के कर्मचारियों ने उनका फोन छीन लिया। विवाद बढ़ने पर तीन महिलाओं ने उन्हें अंदर ले जाकर बुरी तरह पीटा।

पीड़िता के पति के अनुसार वह दो घंटे तक पत्नी से संपर्क करने की कोशिश करते रहे, लेकिन स्टोर के अंदर से कोई जवाब नहीं मिला। अंततः रात 11 बजे किसी ने फोन उठाया और उन्हें स्टोर पर बुलाया, जहां उनकी पत्नी बेहोश मिली।

पुलिस ने सोमवार को महिला की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित