नयी दिल्ली , मई 11 -- दक्षिण-पूर्वी दिल्ली के नेहरू प्लेस इलाके में इरोस होटल के पास पूर्वोत्तर की दो महिलाओं को कथित तौर पर परेशान करने और उन पर हमला करने के आरोप में पुलिस ने दो लोगों को हिरासत में लिया है, जबकि दो अन्य अभी भी फरार हैं।

पुलिस ने सोमवार को बताया कि यह घटना रविवार सुबह करीब सात बजे घटित हुई। महिलाओं ने मदद के लिए कालकाजी थाने से संपर्क किया।

पुलिस की एक टीम तुरंत मौके पर पहुंची और बाद में पीड़ितों को मेडिकल जांच के लिए अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) अस्पताल ले गयी। शुरुआती जांच के दौरान, पुलिस ने पाया कि महिलाओं पर कथित तौर पर अपमानजनक और भद्दी टिप्पणियां की गयी और बाद में आरोपियों और पीड़ितों के बीच हाथापाई में बदल गए।

प्राथमिकी के अनुसार, महिलाएं एक स्टॉल पर चाय पी रही थीं, तभी दो लोगों ने कथित तौर पर उन पर फब्तियां कसना शुरू कर दिया। इसके तुरंत बाद, उनके कुछ साथी भी वहां आ गए। पीड़ितों में से एक ने दावा किया कि हाथापाई के दौरान उसकी सहेली पर हमला किया गया और उसके कपड़े फाड़ दिए गए।

प्राथमिकी में कहा गया है कि आरोपियों ने कथित तौर पर महिलाओं के खिलाफ अपमानजनक शब्द कहे और उनमें से एक ने बांस की छड़ी से एक पीड़ित पर हमला कर दिया।

महिलाओं ने आरोप लगाया कि जब उन्होंने वहां से जाने और मामले की रिपोर्ट करने की कोशिश की, तो उन्हें गंभीर अंजाम भुगतने की धमकी दी गयी।

इस सिलसिले में कालकाजी थाने में भारतीय न्याय संहिता की कई धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है, जिसमें हमला, गलत तरीके से रोकना, पीछा करना , आपराधिक धमकी और चोट पहुंचाने से संबंधित आरोप शामिल हैं।

अधिकारियों ने बताया कि आस-पास के इलाकों से सीसीटीवी फुटेज की जांच की जा रही है और घटना के दौरान मौजूद कई गवाहों से पूछताछ की गई है। पुलिस की टीमें फरार चल रहे बाकी आरोपियों को गिरफ्तार करने के लिए उनसे जुड़े ठिकानों पर छापेमारी कर रही हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित