मुंबई , अगस्त 01 -- महाराष्ट्र साइबर पुलिस ने सोशल मीडिया पर दिल्ली पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) सुमित झा का एआई -जनरेटेड वीडियो साझा करने का आरोप में कांग्रेस नेता भाई जगताप के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। उन पर आरोप है कि उन्होंने ऐसी मनगढ़ंत सामग्री फैलायी जिससे जनता गुमराह हुई है।
भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 353(2) और सूचना प्रौद्याेगिकी अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत नोडल साइबर पुलिस स्टेशन में प्राथमिकी दर्ज की गई है।
यह कार्रवाई भाजपा के सोशल मीडिया सह-संयोजक निखिल भामरे की शिकायत के बाद शुरू की गई। प्राथमिकी के अनुसार, एआई -जनरेटेड वीडियो को कथित तौर पर उनके 'एक्स' अकाउंट से शेयर किया गया था, जिससे ऐसा लगा कि इसमें दिल्ली पुलिस के सीनियर अधिकारी दिख रहे हैं।
शिकायत में कहा गया है कि जांच में वीडियो के मनगढ़ंत होने की पुष्टि हुई है। आरोप है कि इसे भ्रम पैदा करने और जनता को गुमराह करने के इरादे से फैलाया गया था ।महाराष्ट्र साइबर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और वीडियो बनाने और उसे साझा करने से जुड़ी परिस्थितियों की पड़ताल कर रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित