चंडीगढ़ , मई 03 -- हरियाणा के सहकारिता कारागार, निर्वाचन, विरासत एवं पर्यटन मंत्री अरविंद शर्मा ने दिल्ली के रोहिणी स्थित जैपनीज पार्क में भगवान परशुराम की 121 फुट की भव्य प्रतिमा स्थापित करने की मांग का समर्थन किया है।

श्री शर्मा ने दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता से इस पर चर्चा कर मंजूरी देने का अनुरोध किया। रोहिणी में आयोजित विष्णु अवतार भगवान परशुराम जन्मोत्सव में श्री शर्मा, श्रीमती गुप्ता, केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह, सांसद मनोज तिवारी और विधायक अनिल शर्मा शामिल हुए। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए श्री शर्मा ने कहा कि भगवान परशुराम ने पीड़ित, शोषित और जरूरतमंदों की रक्षा की और गुरु-अभिभावक के प्रति दायित्व निभाने का संदेश दिया। उनके जीवन से प्रेरणा लेकर सनातन संस्कृति को मजबूत करना है, ताकि देश सशक्त बने।

श्री शर्मा ने बताया कि दिल्ली विधानसभा चुनाव के दौरान ब्राह्मण समाज ने भाजपा को समर्थन देते हुए जैपनीज पार्क में भगवान परशुराम की 121 फुट की प्रतिमा स्थापित करवाने की मांग रखी थी। उन्होंने कहा कि यह समाज की पुरानी मांग है और अब इस पर विचार करने का समय आ गया है।

मंत्री ने कहा कि गोवा में भगवान परशुराम राष्ट्रीय परिषद ने एक सप्ताह के अधिवेशन में दलीप शास्त्री की कथा आयोजित कर भगवान परशुराम से जुड़े मिथ और दुष्प्रचार को तथ्यों के आधार पर स्पष्ट किया। ऐसे आयोजनों से लोगों को जागरूक किया जा सकता है। उन्होंने विनोद वत्स, चांद करण शर्मा और अशोक शर्मा की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन समाज को एकजुट करने में अहम भूमिका निभाते हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित