नयी दिल्ली , मई 28 -- दिल्ली के न्यू राजेंद्र नगर इलाके में बुधवार को एक मकान के भीतर दो बुजुर्ग महिलाएं मृत पाई गईं। घर से बदबू आने के बाद वहां काम करने वाली एक घरेलू सहायिका ने पुलिस को इसकी सूचना दी थी। इन दोनों की उम्र करीब 80 वर्ष थीएक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि सुबह करीब 10:30 बजे घर के बरामदे की सफाई करने वाली घरेलू सहायिका ने पुलिस को सूचित किया कि घर के सभी दरवाजे बंद हैं और परिसर के भीतर से तेज बदबू आ रही है। सूचना मिलते ही पुलिस की एक टीम मौके पर पहुंची और घर के एक कमरे के अंदर दो महिलाओं को मृत पाया, जिनकी पहचान चंद्रकांता (80) और सरोज बाला (80) के रूप में हुई है। इनमें से एक शव बिस्तर पर और दूसरा फर्श पर पड़ा हुआ था। मौके पर बुलाई गई एम्बुलेंस की टीम ने दोनों महिलाओं को मृत घोषित कर दिया।

पुलिस ने बताया कि यह मकान एक मंजिला है जिसमें प्रवेश के चार रास्ते हैं। विस्तृत जांच में संपत्ति के भीतर जबरन प्रवेश, चोरी, सामान बिखेरने या किसी भी तरह की छेड़छाड़ के कोई संकेत नहीं मिले हैं। स्थानीय स्तर पर की गई पूछताछ में सामने आया है कि दोनों महिलाएं लंबे समय से इस आवास में साथ रह रही थीं। सरोज बाला अविवाहित थीं, जबकि चंद्रकांता उनकी भाभी थीं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित