आगरा , फरवरी 15 -- उत्तर प्रदेश के आगरा जिले में पुलिस ने दिल्ली में ज्वेलर्स की दुकान में चोरी करने वाले छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए बदमाशों के पास से करीब 22 किलो चांदी के आभूषण बरामद किए गए हैं।

पुलिस के अनुसार थाना चौकी क्षेत्र में चेकिंग के दौरान धर्मवीर, मनोज, सत्यवीर, मेघराज, अनिल और रामवीर को हिरासत में लिया गया। पूछताछ में आरोपियों ने दिल्ली के आरके पुरम स्थित चौहान ज्वेलर्स में चोरी की वारदात कबूल की। उनकी निशानदेही पर चोरी किए गए 22 किलो से अधिक चांदी के जेवरात बरामद किए गए।

आरोपियों ने बताया कि उन्होंने 14 फरवरी की रात चौहान ज्वेलर्स की रेकी के बाद चोरी को अंजाम दिया और उसके बाद आगरा की ओर भाग आए। पुलिस के मुताबिक ये आरोपी आगरा में भी बड़ी वारदात की फिराक में थे, लेकिन उससे पहले ही पुलिस ने उन्हें पकड़ लिया।

पुलिस ने बताया कि सभी आरोपी पेशेवर अपराधी हैं और उनका लंबा आपराधिक इतिहास रहा है। वे मूल रूप से फिरोजाबाद जिले के निवासी हैं। पुलिस को आशंका है कि यह एक संगठित गिरोह है, जिसमें अन्य लोग भी शामिल हो सकते हैं। मामले की गहन जांच की जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित