नयी दिल्ली , अगस्त 23 -- राजधानी दिल्ली के आईपी फ्लाईओवर पर रविवार सुबह मोटरसाइकिल सवार दो युवकों को एक ट्रक ने जोरदार टक्कर मार दी जिससे गाड़ी चला रहे 19 वर्षीय युवक की मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया।
मृतक की पहचान मदनपुर खादर निवासी अमन (19) के रूप में हुई है, जबकि उसका साथी जामिया नगर के बाटला हाउस निवासी अलबेर (22) घायल हो गया।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, यह घटना सुबह करीब 6:20 बजे हुई जब अमन और अलबेर अपनी मोटरसाइकिल से सराय काले खां की ओर जा रहे थे। आईपी फ्लाईओवर पर एक तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी मोटरसाइकिल को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे की सूचना आईपी एस्टेट पुलिस स्टेशन को पीसीआर कॉल के जरिए मिली।
टक्कर इतनी भीषण थी कि मोटरसाइकिल सवार दोनों युवक सड़क पर गिर पड़े। हादसे के तुरंत बाद आरोपी ट्रक चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया। दोनों घायलों को तुरंत नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने अमन को मृत घोषित कर दिया। वहीं, अलबेर की हालत स्थिर बनी हुई है और उसका इलाज जारी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित