नयी दिल्ली , फरवरी 15 -- राष्ट्रीय राजधानी की हवा की गुणवत्ता रविवार को फिर से खराब श्रेणी में पहुंच गयी । यहां इस सप्ताह की शुरुआत में वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) में सुधार के संकेत दिखे थे, लेकिन आज यह 221 पर पहुंचकर फिर से 'खराब' श्रेणी में लौट आयी।

दिल्ली में हालांकि ठंड कम होने लगी है, जिससे मौसम हल्का हो गया है और सुबहें साफ होने लगी हैं। इसके बावजूद वायु गुणवत्ता चिंता का विषय बनी हुई है। यहां पर 40 में से 24 निगरानी केंद्रों में एक्यूआई 'खराब' श्रेणी में दर्ज की गयी है।

सर्दियों की विदाई ने हालांकि कुछ समय के लिए गर्म दिन और स्वच्छ हवा का अनुभव कराया था, लेकिन सुधार का यह दौर अल्पकालिक प्रतीत हो रहा है। मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार, सर्दियों के कम होते प्रभाव के बीच दिल्ली का तापमान रविवार को अधिकतम 27 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने का अनुमान है, जबकि रात में यह गिरकर लगभग 11 डिग्री सेल्सियस तक आ सकता है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित