नई दिल्ली , अप्रैल 25 -- दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने आज शाम शालीमार बाग इलाके में हुई सड़क दुर्घटना में एक नाबालिग की मौत पर गहरा दुख व्यक्त किया है।

सुश्री गुप्ता ने कहा कि अगर इलाके में सड़क किनारे अतिक्रमण न होता तो यातायात सुचारू रूप से चलता और ऐसी दुर्घटनाओं, जानमाल के नुकसान की संभावना कम हो जाती।

लगभग दो महीने पहले, इसी इलाके में एक तेज रफ्तार डंपर की चपेट में आने से एक पांच वर्षीय बच्ची की भी मौत हो गई थी, जो इलाके में यातायात प्रबंधन की गंभीर स्थिति को दर्शाता है।

मुख्यमंत्री कार्यालय के अनुसार, पुलिस ने बताया कि आज शाम दो नाबालिग मोटरसाइकिल पर सवार होकर उस इलाके से गुजर रहे थे जहां नाले और सड़क किनारे अवैध अतिक्रमण किए गए हैं। इसी दौरान पीछे से आ रहे एक टेम्पो ने कथित तौर पर मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी, जिससे एक नाबालिग की मौके पर ही मौत हो गई।

सुश्री गुप्ता ने हैदरपुर के अंबेडकर नगर निवासी नाबालिग की मृत्यु पर गहरा शोक व्यक्त किया और कहा कि यदि सड़क किनारे अवैध अतिक्रमण न होते तो इस दुर्घटना को टाला जा सकता था।

हाल ही में दिल्ली उच्च न्यायालय ने भी इन अतिक्रमणों को हटाने का आदेश पारित किया है।

मुख्यमंत्री ने बताया कि ये अतिक्रमण पिछली सरकार के कार्यकाल में सरकारी जमीन पर किए गए थे और इनके कारण इलाके में यातायात लंबे समय से बाधित है, जिससे लोगों को आवागमन में भारी परेशानी हो रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित