नयी दिल्ली , सितंबर 27 -- दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने रविवार को चुनाव आयोग के खिलाफ विपक्ष के नेताओं पर संवैधानिक संस्थाओं में जनता का भरोसा कम करने की कोशिश करने का आरोप लगाया और कांग्रेस नेता राहुल गांधी व अन्य विपक्षी नेताओं के खिलाफ देशद्रोह का मामला दर्ज करने की मांग की।
श्रीमती गुप्ता ने कहा कि जब भी चुनाव के नतीजे विपक्ष के पक्ष में नहीं आते, तब चुनावी प्रक्रिया पर सवाल उठाना न तो उचित है और न ही राष्ट्रीय हित में है। उन्होंने विपक्ष पर बेवजह विवाद पैदा करके विकास और अपनी नाकामियों से जनता का ध्यान भटकाने का आरोप भी लगाया। मुख्यमंत्री ने जनसेवा सदन में संवाददाताओं से कहा कि राजनीतिक दलों को लोकतांत्रिक संस्थाओं के कामकाज पर सवाल उठाने का पूरा अधिकार है लेकिन ऐसी आलोचना तथ्यों पर आधारित होनी चाहिए और इसे संवैधानिक व कानूनी तरीकों से उठाया जाना चाहिए।
उन्होंने कहा, "लोकतंत्र में हर किसी को सवाल पूछने का अधिकार है लेकिन ऐसे सवाल तथ्यों पर आधारित होने चाहिए। सिर्फ राजनीतिक आरोप लगाना और किसी संवैधानिक संस्था की विश्वसनीयता को नुकसान पहुंचाना उचित नहीं है।" श्रीमती गुप्ता ने श्री राहुल गांधी और अन्य विपक्षी नेताओं पर निशाना साधते हुए कहा कि उनके बयानों और गतिविधियों से देश की चुनावी व्यवस्था में अविश्वास का माहौल बन रहा है।
उन्होंने कहा, "राहुल गांधी और अन्य विपक्षी नेता जिस तरह की गतिविधियां कर रहे हैं और जिस तरह के बयान दे रहे हैं, वे मेरी नजर में देशद्रोह से कम नहीं हैं। उनके खिलाफ देशद्रोह का मामला दर्ज किया जाना चाहिए।" मुख्यमंत्री ने कहा कि विपक्ष ऐसे समय में लोगों को गुमराह करने की कोशिश कर रहा है जब देश विकास के रास्ते पर आगे बढ़ रहा है और सरकारें जनहित में कई पहल कर रही हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित