नयी दिल्ली , अप्रैल 26 -- दिल्ली प्रदेश कांग्रेस के प्रवक्ता डॉ. नरेश कुमार ने कहा है कि प्रदेश की जनता बुनियादी समस्याओं को लेकर परेशान है और भारतीय जनता पार्टी और आम आदमी पार्टी के नेता उन समस्याओं को हल निकालने की बजाय आरोप-प्रत्यारों में मशगूल हैं।
डॉ. कुमार ने रविवार को संवाददाताओं से बातचीत करते हुए कहा कि दिल्ली की जनता को राजनीतिक विवाद, आरोप-प्रत्यारोप और बयानबाजी नहीं, बल्कि अपने रोजमर्रा के मुद्दों के तत्काल समाधान चाहिए। उसे रोजी-रोटी, कपड़ा और मकान चाहिए। उन्होंने दिल्ली के लोक निर्माण मंत्री प्रवेश साहिब सिंह की ओर से पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवल के बंगले को लेकर लगाये गये आरोप पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते कहा कि एक तरफ भाजपा ऐसे मामलों को उठाकर जनता के मुद्दों से ध्यान भटकाने की कोशिश कर रही है, तो दूसरी ओर आप अपनी बची हुई राजनीतिक साख बचाने और सफाई देने में लगी हुई है। ऐसे समय में सिर्फ कांग्रेस ही लगातार जनता के मुद्दों को गंभीरता से उठा रही है।
गौरतलब है कि श्री सिंह ने श्री केजरीवाल पर नया शीशमहल बनाने का आरोप लगाया था। उन्होंने लोधी रोड स्थित 95 नंबर कोठी की कुछ कथित तस्वीरें जारी की थीं और उसे शीशमहल -2 बताया था। इसके जवाब में पूर्व मुख्यमंत्री आतिशी ने दावा किया कि जारी की गई तस्वीरें श्री केजरीवाल के घर की नहीं हैं, बल्कि इंटरनेट से डाउनलोड की गई तस्वीरें हैं। इसके बाद आप के वरिष्ठ नेता मनीष सिसोदिया ने तीखी प्रतिक्रिया देते हुए श्री सिंह को सोशल मीडिया पर 'उल्लू' कहकर संबोधित किया, जिसके बाद राजनीतिक बयानबाजी और तेज हो गयी।
कांग्रेस नेता ने कहा कि दिल्ली इस समय कई गंभीर समस्याओं से जूझ रही है, लेकिन सरकार और विपक्ष दोनों की प्राथमिकताएं जनता के मुद्दों के बजाय राजनीतिक बयानबाजी बनती जा रही हैं। गर्मी की शुरुआत के साथ ही वायु प्रदूषण एक बार फिर बढ़ने लगा है, पानी की किल्लत, बिजली की परेशानियां, ट्रैफिक जाम, गंदगी, टूटी सड़कें और सफाई की समस्याएं लगातार जनता को प्रभावित कर रही हैं।
उन्होंने दिल्ली में बेरोजगारी युवाओं और परिवारों के सामने सबसे बड़ी समस्याओं में से एक बन चुकी है। बड़ी संख्या में पढ़े-लिखे युवा रोजगार की तलाश में भटक रहे हैं, लेकिन उन्हें अवसर नहीं मिल रहे। उन्होंने कहा कि दिल्ली की सबसे बड़ी समस्या बेरोजगारी है और इसे प्राथमिकता के आधार पर तुरंत हल किया जाना चाहिए। सरकार को नए रोजगार के अवसर पैदा करने, उद्योगों को बढ़ावा देने और युवाओं के भविष्य को सुरक्षित करने के लिए ठोस कदम उठाने चाहिए।
उन्होंने कहा कि दिल्ली के अलग-अलग इलाकों से शिकायतें सामने आ रही हैं कि घरेलू गैस सिलेंडर समय पर उपलब्ध नहीं हो रहे हैं। कई जगह कालाबाजारी की खबरें मिल रही हैं, जबकि आम लोग लंबी कतारों में खड़े रहने के बावजूद खाली हाथ लौट रहे हैं। यह स्थिति आम नागरिक की परेशानियों को और बढ़ा रही है।
कांग्रेस प्रवक्ता ने कहा कि दिल्ली में भाजपा सरकार में है, इसलिए उसकी पहली जिम्मेदारी बनती है कि वह जनता के मुद्दों के समाधान पर ध्यान दे। इसी तरह आम आदमी पार्टी अगर विपक्ष में है तो उसे भी रचनात्मक भूमिका निभानी चाहिए। मगर अफसोस कि दोनों दल एक-दूसरे पर आरोप लगाने में व्यस्त हैं।
उन्होंने कहा कि 11 साल आम आदमी पार्टी ने दिल्ली का समय बर्बाद किया और अब डेढ़ साल से भाजपा सरकार भी इसी टकराव और आरोप-प्रत्यारोप की राजनीति में उलझकर समय बर्बाद कर रही है। अगर वास्तव में दिल्ली को विकास के रास्ते पर आगे ले जाना है तो शीला दीक्षित के विकास मॉडल से सीख लेनी होगी, वरना इस लड़ाई-झगड़े और राजनीतिक अहंकार की राजनीति में दिल्ली और पीछे चली जाएगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित