नयी दिल्ली , सितंबर 15 -- दिल्ली प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष देवेन्द्र यादव ने मंगलवार को कहा कि दिल्ली प्रदेश ओबीसी कांग्रेस की नयी प्रदेश एवं जिला टीम तथा एडवाइजरी काउंसिल के गठन से संगठन जमीनी स्तर पर अधिक सक्रियता से काम करेगा।
श्री यादव ने कहा कि संगठन सृजन अभियान के तहत प्रदेश कांग्रेस के साथ अग्रिम संगठनों, सेल एवं विभागों की कार्यकारिणी तथा जिला और ब्लॉक स्तर पर संगठन का विस्तार किया जा रहा है। कांग्रेस ओबीसी विभाग के राष्ट्रीय चेयरमैन डॉ. अनिल जयहिंद के निर्देशन में 12 सितंबर को जारी नियुक्ति अधिसूचना के तहत प्रदेश ओबीसी कांग्रेस की एडवाइजरी काउंसिल और नयी प्रदेश एवं जिला टीम गठित की गयी है। श्री राजीव वर्मा के नेतृत्व में 51 एडवाइजरी काउंसिल सदस्य, 21 प्रदेश उपाध्यक्ष, 23 महासचिव, 24 सचिव और 13 जिला अध्यक्ष नियुक्त किये गये हैं।
श्री यादव ने कहा कि नयी टीम जातिगत जनगणना, ओबीसी आरक्षण, राजनीतिक प्रतिनिधित्व और सामाजिक न्याय के मुद्दों को बूथ स्तर तक मजबूती से उठायेगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित