नयी दिल्ली , अप्रैल 24 -- दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे पर अगले महीने से अंतर्राष्ट्रीय क्षमता में 50 प्रतिशत का इजाफा होगा।
एयरपोर्ट का संचालन करने वाली कंपनी दिल्ली अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डा लिमिटेड (डायल) ने शुक्रवार को बताया कि मई के पहले सप्ताह से टर्मिनल-3 के पियर-सी में अंतर्राष्ट्रीय परिचालन शुरू हो जायेगा। इससे अंतर्राष्ट्रीय यात्रियों को सेवा देने की एयरपोर्ट की क्षमता बढ़ जायेगी और इसे एक वैश्विक विमानन ट्रांजिट केंद्र के रूप में स्थापित करने में मदद मिलेगी।
अब तक पियर-सी का इस्तेमाल घरेलू यात्रियों के लिए होता था। डायल की प्रेस विज्ञप्ति में कहा गया है कि पियर-सी का इस्तेमाल अंतर्राष्ट्रीय यात्रियों के लिए करने से दिल्ली एयरपोर्ट की अंतर्राष्ट्रीय यात्रियों को सेवा देने की सालाना क्षमता लगभग 50 प्रतिशत बढ़कर 3-3.2 करोड़ यात्रियों की हो जायेगी।
उल्लेखनीय है कि गुरुवार को नागरिक उड्डयन मंत्री राम मोहन नायडू ने दिल्ली हवाई अड्डे का दौरा किया था और इसे देश के कुछ अन्य प्रमुख मेट्रो शहरों के साथ वैश्विक ट्रांजिट केंद्र के रूप में विकसित करने के महत्व पर जोर दिया था।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित